img-fluid

10 सालों का दूसरा सबसे सूखा अगस्त, इंदौर में अब तक सिर्फ 3.6 इंच बारिश

August 30, 2026

  • – 2023 के बाद सबसे कम पानी, सामान्य से 6.6 इंच पीछे अगस्त, पूरे मानसून की कमी 10.6 इंच तक पहुंची
  • – अगस्त में औसतन 10.2 इंच बारिश होती है, इस बार आधे से भी कम पानी, अगले कुछ दिन तेज बारिश के आसार नहीं

इंदौर। शहर में इस बार मानसून की सबसे बड़ी उम्मीद भी अब कमजोर पड़ती दिखाई दे रही है। अगस्त, जो आमतौर पर इंदौर में बारिश का सबसे भरोसेमंद महीना माना जाता है, पिछले 10 सालों में दूसरा सबसे सूखा अगस्त बन चुका है। 1 अगस्त से अब तक शहर में सिर्फ 3.6 इंच बारिश दर्ज हुई है। पिछले एक दशक में इससे कम बारिश केवल 2023 में हुई थी, जब अगस्त में महज 2.7 इंच पानी बरसा था।

मौसम विभाग के अनुसार अगस्त में इंदौर की सामान्य बारिश 258.1 मिमी यानी करीब 10.2 इंच है। इस हिसाब से इस बार शहर सामान्य बारिश से करीब 6.6 इंच पीछे है। जून-जुलाई में भी बारिश कम रहने के कारण अब कुल 18.3 इंच बारिश ही हुई है।यह अब तक होने वाली सामान्य औसत वर्षा से 10.6 इंच कम है। वहीं मौसम के पूर्वानुमान ने चिंता और बढ़ा दी है, क्योंकि अगले कुछ दिनों तक भी अच्छी बारिश की कोई उम्मीद नहीं है।

जिस अगस्त से उम्मीद थी, वही कमजोर निकला
जून और जुलाई में सामान्य से कम बारिश होने के बाद उम्मीद थी कि अगस्त में तेज बारिश के दौर बनेंगे और मानसून की कमी पूरी होगी। लेकिन अगस्त का अधिकांश हिस्सा सूखा ही निकल गया। बीच-बीच में हुई बारिश ने उमस और गर्मी से तो राहत दी, लेकिन शहर के बारिश के आंकड़े को सामान्य स्तर तक पहुंचाने के लिए पर्याप्त पानी नहीं मिला।


  • 82 साल पहले अगस्त में बरसा था 27.8 इंच पानी
    इंदौर में बारिश के मामले में अगस्त कभी सूखा तो कभी रिकॉर्ड बारिश वाला भी रहा है। 1944 में अगस्त के दौरान 707.1 मिमी यानी 27.8 इंच बारिश हुई थी। यह अगस्त में अब तक की सबसे ज्यादा मासिक बारिश का रिकॉर्ड है। इसके ठीक उलट इस बार अब तक सिर्फ 3.6 इंच बारिश हुई है। यानी 1944 के अगस्त में जितना पानी बरसा था, उसके मुकाबले इस साल अब तक उसका करीब आठवां हिस्सा भी नहीं बरसा।

    छह साल पहले एक दिन में बरसा था 10.4 इंच –
    इंदौर में बारिश कितनी तेजी से तस्वीर बदल सकती है, इसका सबसे बड़ा उदाहरण 22 अगस्त 2020 है। उस दिन 24 घंटे में 263.4 मिमी यानी करीब 10.4 इंच बारिश दर्ज हुई थी। यह आज भी 24 घंटे में सबसे ज्यादा बारिश का रिकॉर्ड है। यानी जिस पानी के लिए इस बार पूरा अगस्त इंतजार करता रहा, उससे करीब तीन गुना पानी छह साल पहले सिर्फ एक दिन में बरस गया था।

    10 साल में ऐसा रहा अगस्त –
    वर्ष बारिश
    2016 12.3 इंच
    2017 8.7 इंच
    2018 9.8 इंच
    2019 12.8 इंच
    2020 23.7 इंच
    2021 6.1 इंच
    2022 17.0 इंच
    2023 2.7 इंच
    2024 15.3 इंच
    2025 13.0 इंच
    2026 3.6 इंच (अब तक)
    (जानकारी मौसम विभाग के अनुसार)

    सितंबर पर बढ़ा दबाव
    अब अगस्त के भी कमजोर रहने से सितंबर पर बारिश की भरपाई का दबाव बढ़ गया है। जिले में मानसून में 37.5 इंच औसत बारिश होती है, शहर इससे करीब 20 इंच पीछे है। अगर आने वाले दिनों में कोई मजबूत मानसूनी सिस्टम सक्रिय नहीं होता है तो इस साल की बारिश का आंकड़ा सामान्य तक पहुंचाना भी मुश्किल हो सकता है।

    Share:

  • 'वंदे मातरम' विवाद अनावश्यक और राजनीति से प्रेरित - वरिष्ठ कांग्रेस नेता पी चिदंबरम

    Sun Aug 30 , 2026
    मदुरै । वरिष्ठ कांग्रेस नेता पी चिदंबरम (Senior Congress leader P. Chidambaram) ने कहा कि ‘वंदे मातरम’ विवाद (‘Vande Mataram’ Controversy) अनावश्यक और राजनीति से प्रेरित है (Is Unnecessary and Politically Motivated) । कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री पी चिदंबरम ने ‘वंदे मातरम’ को लेकर चल रही बहस और उससे जुड़े कानून […]
    सम्बंधित ख़बरें
    लेटेस्ट
    खरी-खरी
    का राशिफल
    जीवनशैली
    मनोरंजन
    अभी-अभी
  • Archives

  • ©2026 Agnibaan , All Rights Reserved