
इंदौर। नगर निगम (Municipal council) द्वारा मालवा मिल (Malwa Mill) चौराहा से जंजीरवाला चौराहा (Janjeerwala Square) तक की सड़क को भी कब्जामुक्त करने के लिए आज से अभियान शुरू किया जा रहा है। इस सड़क पर कारोबार करने वाले लोगों को मालवा मिल के पास स्थित बड़े मैदान में शिफ्ट किया जाएगा।
निगम द्वारा तीन सड़कों पर जिला प्रशासन और पुलिस विभाग की मदद से कल से अतिक्रमणमुक्त करने का अभियान शुरू किया गया है। इस बीच अब आज से मालवा मिल चौराहा से जंजीरवाला चौराहा तक जाने वाली सड़क पर भी अभियान शुरू किया जा रहा है। निगम के अपर आयुक्त आकाश सिंह ने बताया कि इस सड़क को लेकर लगातार शिकायत आ रही थी कि सड़क पर कब्जा करके जो दुकानें लगाई जाती हैं उनके कारण यातायात में बड़ी समस्या पैदा हो रही है। इसके साथ ही मालवा मिल पर बुधवार को जो हाट लगता है, उसके कारण भी समस्या आ रही है। इस स्थिति को देखते हुए नगर निगम द्वारा निश्चित किया गया है कि यहां पर लगने वाली सभी दुकानों को मालवा मिल के पास स्थित खाली मैदान में शिफ्ट कर दिया जाएगा। इसके लिए आज से नगर निगम द्वारा जिला प्रशासन और पुलिस विभाग के साथ मिलकर अभियान शुरू किया जाएगा। बुधवार के हाट को भी इस नए स्थान पर ही शिफ्ट कर दिया जाएगा। निगम की मंशा है कि यह पूरा क्षेत्र भी यातायात की दृष्टि से सुगम बन जाए।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved