
इन्दौर। कमर्शियल गैस सिलेंडर के दामों में पिछले महीने बड़ी राहत मिलने के बाद अब एक बार फिर मामूली बढ़ोतरी की गई है। 19 किलो वाले सामान्य कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर के दाम में 9.50 रुपए की बढ़ोतरी हुई है। बीती रात 12 बजे से नए दाम लागू हो गए हैं। इसके बाद इंदौर में 19 किलो वाले कमर्शियल सिलेंडर की कीमत 2846.50 रुपए से बढ़कर 2856 रुपए हो गई है।
दाम बढ़ने का सीधा असर होटल, रेस्टोरेंट, ढाबे, केटरिंग, मिठाई दुकानों, छोटे-बड़े व्यावसायिक प्रतिष्ठानों और गैस का इस्तेमाल करने वाले उद्योगों की संचालन लागत पर पड़ेगा। हालांकि 1 अगस्त को कमर्शियल गैस सिलेंडर के दाम में बड़ी कटौती की गई थी। तब इंदौर में 19 किलो वाले सामान्य कमर्शियल सिलेंडर की कीमत 3040.50 रुपए से घटकर 2846.50 रुपए हो गई थी, यानी एक झटके में 194 रुपए की राहत मिली थी।
जून के मुकाबले अब भी 366.50 रुपए सस्ता
कमर्शियल गैस के दाम इस साल जून में सबसे ऊंचे स्तर पर पहुंचे थे। 1 जून को 19 किलो वाले सामान्य कमर्शियल सिलेंडर की कीमत 3222.50 रुपए तक पहुंच गई थी। इसके बाद अगस्त में हुई बड़ी कटौती से दाम 2846.50 रुपए पर आ गए थे। अब 9.50 रुपए की बढ़ोतरी के बाद नया भाव 2856 रुपए है। यानी जून के उच्चतम भाव की तुलना में सिलेंडर अब भी 366.50 रुपए सस्ता है।
इंदौर में रोजाना 1.5 लाख सिलेंडर की खपत
कमर्शियल गैस का इस्तेमाल बड़ी संख्या में होटल, रेस्टोरेंट, ढाबे, मिठाई दुकान, केटरिंग और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के साथ उद्योगों में भी होता है। इंदौर में रोजाना करीब 1.5 लाख कमर्शियल सिलेंडर की खपत होती है। ऐसे में कीमत में मामूली बदलाव का भी बड़े स्तर पर कारोबारियों की कुल गैस लागत पर असर पड़ता है। हालांकि इस बार बढ़ोतरी सिर्फ 9.50 रुपए की है, इसलिए प्रति सिलेंडर इसका असर सीमित रहेगा।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved