
इंदौर। इंदौर के थाना लसूड़िया क्षेत्र में खुद को IAS अधिकारी और जिला कलेक्टर बताकर लोगों के बीच प्रभाव जमाने वाले युवक को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी के मकान से IAS और कलेक्टर पद से संबंधित फर्जी नेम प्लेट और भ्रामक सामग्री जब्त की गई है।
दरअसल इंदौर की लसूड़िया पुलिस को सूचना प्राप्त हुई थी कि ओमेक्स सिटी-1 स्थित मकान क्रमांक 1565-ए, शुभ आंगन प्रीमियम में रहने वाला एक व्यक्ति स्वयं को IAS अधिकारी बता रहा है। जिसकी गतिविधियां संदिग्ध लग रही हैं और वह आई ए एस अधिकारी होने का प्रभाव दिखाकर आसपास के लोगों पर रौब जमा रहा है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए एसीपी पराग सैनी और थाना प्रभारी निरीक्षक राजकुमार यादव के निर्देशन में पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। मकान मालिक और किरायेदारों से पूछताछ करने पर पता चला कि मकान के ऊपरी हिस्से में रहने वाला युवक स्वयं को राज सोनी खुद को जिला कलेक्टर बताता है।
पुलिस द्वारा युवक से नाम, पदस्थापना और IAS अधिकारी होने से संबंधित दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वह कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। पूछताछ के दौरान वह लगातार अपना बयान बदलता रहा। सख्ती से पूछताछ करने पर उसने अपना वास्तविक नाम हिमांशु पांचाल होना बताया। वही पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह कोई IAS अधिकारी नहीं है। समाज में अपना रुतबा, प्रतिष्ठा और प्रभाव बढ़ाने के उद्देश्य से वह स्वयं को वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी और जिला कलेक्टर बताता था।
पुलिस ने मौके से काले रंग की फर्जी नेम प्लेट, जिस पर “IAS RAJ SONI – District Collector” लिखा हुआ था। IAS सत्यमेव जयते अंकित फोटो फ्रेम। सत्यमेव जयते – कलेक्टर साहब” लिखी हुई सामग्री जब्त की है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved