
इंदौर। नगर निगम (Municipal Corporation) में टैक्स (Tax) के रूप में नागरिकों (Citizens) द्वारा दिए जाने वाले पैसे का दुरुपयोग किए जाने का मामला सामने आया है। इसमें 2.18 करोड़ रुपए की राशि निगम द्वारा अनुचित रूप से खर्च कर दी गई है। यह राशि निगम ने कलेक्टर कार्यालय (Collectorate) में काम करने वाले कम्प्यूटर ऑपरेटर के वेतन पर खर्च की है।
ऑडिट विभाग द्वारा नगर निगम के कमाई और खर्च के हिसाब-किताब का ऑडिट करने के बाद अपनी आपत्ति राज्य सरकार के समक्ष प्रस्तुत की गई है। इसमें इंदौर नगर निगम से संबंधित आपत्ति निगम के पास निराकरण के लिए भेजी गई है। ऑडिट रिपोर्ट में वर्ष 2023 की गड़बड़ियों का खुलासा किया गया है। इस रिपोर्ट में कहा गया है कि इंदौर नगर निगम में अनुबंधित आउटसोर्स एजेंसी में. प्राइम वन, मे. थर्ड आई सिक्योरिटी सर्विसेज प्राइवेसी प्राइवेट लिमिटेड तथा मे. वर्ल्ड क्लास प्राइवेट लिमिटेड को किए गए मासिक भुगतान की जांच में पाया गया कि कलेक्टर कार्यालय इंदौर के राजस्व न्यायालय में आउटसोर्स पर लिए गए 61 कम्प्यूटर ऑपरेटर द्वारा कार्य किया गया। इन कम्प्यूटर ऑपरेटर के कार्य का भुगतान नगर निगम द्वारा किया गया। ऑडिट आपत्ति में बताया गया कि कलेक्टर कार्यालय इंदौर से 22 जुलाई 2021, 8 अक्टूबर 2021, 23 दिसंबर 2021 व 24 नवंबर 2022 को भेजे गए पत्र में उक्त 61 कम्प्यूटर ऑपरेटर हेतु एजेंसी को किए गए भुगतान की राशि कलेक्टर कार्यालय से देने की बात कही गई थी। इन पत्र में कहा गया था कि नगर निगम द्वारा एजेंसी को भुगतान कर दिया जाए, हम नगर निगम को भुगतान कर देंगे। इसके विपरीत कलेक्टर कार्यालय द्वारा इन कम्प्यूटर ऑपरेटर के मानदेय की कोई राशि का भुगतान नगर निगम को नहीं किया गया। आवासीय सन् परीक्षा इंदौर नगर पालिक निगम द्वारा इस व्यय की प्रतिपूर्ति के लिए 25 फरवरी 2021 तथा 7 जून 2023 को पत्र जारी किए गए। उक्त पत्र जारी होने पर नगर निगम आयुक्त द्वारा 28 जनवरी 2021, 15 मई 2023 और 24 जुलाई 2023 को कलेक्टर इंदौर को पत्र लिखकर इस राशि का भुगतान करने के लिए अनुरोध किया गया। यह राशि अब तक इंदौर नगर निगम को नहीं मिल सकी है। राज्य सरकार को प्रस्तुत की गई यह ऑडिट रिपोर्ट पिछले दिनों इंदौर नगर निगम की महापौर परिषद की बैठक में भी प्रस्तुत की गई। इस बैठक में महापौर परिषद द्वारा भी इस स्थिति पर कोई आपत्ति नहीं ली गई है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved