
सबसे ज्यादा डीआरपी लाइन, शांतिपथ, मामा-भानजे की मजार रोड और कई अन्य इलाकों में, पहले भी रामबाग में स्कूटी सवार मां-बेटी की हो चुकी मौत
इन्दौर। कल डीआरपी लाइन (DRP Line) के समीप पेड़ गिरने से डिप्टी कलेक्टर (Deputy Collector) की मां की मृत्यु हो गई और कई लोग घायल हो गए। शहर में नगर निगम (Municipal council) की टीमें पौधारोपण तो कर रही हैं, लेकिन खतरनाक पेड़ों की छंटाई का काम दो सालों से बंद पड़ा है, जिसके चलते कई व्यस्त मार्गों पर खतरा बरकरार है। इनमें सर्वाधिक डीआरपी लाइन से लेकर शांतिपथ, मामा-भानजे की मजार, किला मैदान रोड से लेकर रामबाग के कई इलाके शामिल हैं।
करीब चार से पांच वर्ष पूर्व मामा-भानजे की मजार रोड पर वर्षों पुराना पड़े भरभराकर स्कूटी से गुजर रही मां-बेटी पर गिर गया था, जिसके कारण मौके पर मां की मौत हो गई थी, जबकि बेटी की अस्पताल में मौत हो गई थी। इसके अलावा शहर में कई अन्य स्थानों पर हवा में झूल रहे पेड़ों के गिरने से लोग घायल हुए हैं। उधर, नगर निगम खतरनाक मकानों को तो ढहाने की कार्रवाई करता है, लेकिन खतरनाक पेड़ों की कटाई-छंटाई का काम पिछले दो सालों से बंद कर दिया गया है। ऐसे मामलों में कई बार शिकायतें आ रही थीं कि कटाई-छंटाई के नाम पर अनुमति देने के नाम पर पूरे पेड़ काट दिए जाते हैं, जिसके चलते निगम ने भी अपने अभियान अघोषित रूप से बंद कर रखे थे। अब कटाई-छंटाई की अनुमति लेना भी निगम के कई चक्कर लगाने के बराबर है। मृगनयनी चौराहे से नगर निगम आने वाले रोड पर मेट्रो का काम चल रहा है और इसके समीप ही एक खतरनाक पेड़ सड़क की ओर झुका हुआ है। काफी हिस्सा सड़क पर है और किसी भी दिन पेड़ के गिरने की संभावना है, लेकिन वहां से गुजरने वाले अफसरों से लेकर उद्यान विभाग के अधिकारियों को यह मामला नजर नहीं आता। इसी प्रकार डीआरपी लाइन चौराहे से लेकर चिमनबाग के बीच कई वर्षों पुराने पेड़ सड़कों की ओर हवा में झूलते नजर आते हैं। यही हाल शांतिपथ चौराहे का है, जहां नगर निगम चौराहे से लेकर शांतिपथ वाले रोड से खड़खड़िया पुल तक, मालवा मिल चौराहे से हाईकोर्ट चौराहा जाने वाले मार्ग और एसजीएसआईटीएस मार्ग पर भी कई जगह खतरनाक पेड़ हादसे का कारण बन सकते हैं। नगर निगम उद्यान विभाग के अधिकारियों का कहना है कि कई जगह शिकायतों के बाद कार्रवाई करते हैं। अब रामबाग से लेकर डीआरपी तक कई जगह अब खतरनाक पेड़ों को चिह्नित कर उनकी कटाई छंटाई के काम शुरू कराए जाएंगे।
कई खतरनाक पेड़ों की शिकायत कर चुके हैं पुलिस परिवार
डीआरपी लाइन क्षेत्र में कई मुख्य मार्गों से लेकर लाइन के अंदर भी कई जगह वर्षों पुराने पेड़ अब खतरनाक हालत में हैं, जिनके हिस्से तेज हवा-आंधी के दौरान अकसर टूटकर गिरते रहते हैं। कुछ दिनों पहले भी चौराहे के समीप ही इमली के पेड़ का हिस्सा टूटकर गिरा था। संयोग से उस दौरान कोई घायल नहीं हुआ था। व्यस्त चौराहों और मार्गों पर भी निगम खतरनाक पेड़ों की कटाई-छंटाई का अभियान बंद किए हुए है। खतरनाक पेड़ों को लेकर डीआरपी लाइन में रहने वाले कई परिवारों ने निगम अफसरों को शिकायत भी की, मगर उसके बावजूद कार्रवाई नहीं हुई।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved