
विवाद और हंगामा, 4 हिरासत में
इंदौर। आज सुबह आठ बजे नगर निगम (Municipal council) की टीम ने रावला स्थित श्रीगौड़ विद्या मंदिर (Shri Gaud Vidya Mandir) से जवाहर मार्ग (Jawahar Marg) की ओर जाने वाली सडक़ के लिए साउथ तोड़ा (South Toda) में तोडफ़ोड़ की जबरदस्त कार्रवाई की। अचानक हुई कार्रवाई से रहवासी और महिलाएं बड़ी संख्या में जमा होकर हंगामा करते रहे। इसी दौरान वहां जमा कुछ युवकों ने पुलिस अधिकारी को धक्का दे दिया, जिसके चलते हंगामा बढ़ गया और पुलिसकर्मियों ने क्षेत्र के चार युवकों को हिरासत में लेकर थाना रावजी बाजार भेज दिया। इसके बाद पूरे क्षेत्र में पुलिस तैनात कर नाले किनारे कई बड़े-बड़े कारखाने और मकानों के साथ-साथ कई कब्जे हटाने शुरू कर दिए।
वर्षों पुराने साउथ तोड़ा के समीप नाले किनारे आसपास के हिस्सों में लगातार कारखानोंं और कब्जों की संख्या बढ़ती जा रही थी। वहां बने कारखानों में पलंगपेटी, आलमारियों से लेकर लोहे का कई सामान और चद्दरें बनाने के भी काम किए जाते रहे हैं। छोटी सी सडक़ पर कई बार सामान रखकर काम किया जाता है, जिससे उक्त सडक़ भी लगभग कब्जों से अटी पड़ी रहती थी। आज सुबह एसडीएम घनश्याम धनगर, कई तहसीलदार, राजस्व विभाग के अफसर, नगर निगम के बीओ, बीआई के साथ कई अधिकारी मौके पर पहुंचे। संवेदनशील क्षेत्र होने के कारण विवाद की आशंका बनी हुई थी, जिसके चलते बड़ी संख्या में पुलिस बल पूरी तैयारी के साथ बुलवाया गया था। इसके अलावा महिला पुलिसकर्मियों के साथ-साथ निगम का रिमूवल अमला और महिला टीम भी मोर्चा संभाले हुए थी। निगम अधिकारियों के मुताबिक करीब 45 से 50 के बीच कई कारखाने, मकान, दुकान और कब्जे कर लिए गए थे, जिन्हें हटाने की कार्रवाई शुरू की गई। कार्रवाई शुरू होते ही कई लोग तोडफ़ोड़ का विरोध करने लगे। प्रशासन की ओर से दो दिन पहले ही संबंधितों को नोटिस जारी किए गए थे और इससे पहले भी कई बार नोटिस जारी हो चुके थे। तोडफ़ोड़ के दौरान क्षेत्र के कुछ युवकों ने विरोध जताया तो प्रशासन और पुलिस अधिकारी उन्हें वहां से हटा रहे थे। इसी दौरान कुछ युवकों ने पुलिस अधिकारी को धक्का दे दिया, जिस पर पुलिसकर्मियों ने तत्काल मोर्चा संभालते हुए वहां के चार लोगों को हिरासत में लेकर थाना रावजी बाजार भेज दिया। इसके बाद सख्ती से कार्रवाई शुरू की गई और वहां बने कई छोटे-बड़े कारखानों को ध्वस्त कर दिया गया।

पूरी सडक़ पर टूटी चद्््दरें और तोड़े गए सामान का अंबार लगा
श्रीगौड़ विद्या मंदिर से जवाहर मार्ग की ओर जाने वाले मार्ग पर तोडफ़ोड़ के बाद पूरा नजारा ही बदला हुआ था। नदी किनारे के हिस्से में बने कई गोडाउन और कारखाने, मकान तोडऩे के बाद पूरी सडक़ों पर चद््दरों का ढेर लगा हुआ था। इसके साथ ही तोड़े गए मकानों का मटेरियल भी पड़ा हुआ था।
कारखानों में लगी थी कई क्विंटल वजनी बड़ी-बड़ी मशीनें
साउथ तोड़ा क्षेत्र में कार्रवाई के दौरान कुछ कारखानों से निगम ने सामान हटा दिया था, लेकिन अधिकांश कारखानों में लोहे की बड़ी-बड़ी मशीनें लगी हुई थीं, जिन्हें हटाया जाना संभव नहीं होने के चलते रिमूवल अमले ने वहां से मशीनों को हटाए बिना ही तोडफ़ोड़ शुरू कर दी। करीब 45 से ज्यादा छोटे-बड़े कारखाने, कुछ मकान और कब्जे तोड़े गए। इस दौरान बार-बार विवाद होता रहा, लेकिन पर्याप्त पुलिस बल होने के चलते हंगामा और विरोध कर रहे लोगों को एक ओर कर दिया गया।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved