
इंदौर। इंदौर के पलासिया थाना क्षेत्र में आपसी विवाद के बाद एक व्यक्ति ने अपनी महिला मित्र के गले पर ब्लेड से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल महिला खून से लथपथ हालत में मदद के लिए सड़क पर दौड़ती रही। इसी दौरान मौके पर मौजूद ट्रैफिक पुलिस के जवानों ने तत्परता दिखाते हुए महिला की जान बचाई। जवानों ने पहले उसके गले पर रुमाल से पट्टी बांधी और फिर ऑटो से तत्काल निजी अस्पताल पहुंचाया। वहीं महिला पर हमला करने के बाद आरोपी ने भी अपने गले पर ब्लेड से वार कर लिया, जिसे पुलिस ने अस्पताल पहुंचाकर उपचार दिलाया। समय पर इलाज मिलने से दोनों की जान बच गई।
दरअसल यह घटना इंदौर के पलासिया चौराहे की है। जानकारी के अनुसार महिला और उसके परिचित व्यक्ति के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। विवाद के बाद महिला शिकायत दर्ज कराने महिला थाने जा रही थी, तभी आरोपी ने थाने से कुछ ही दूर उसके गले पर ब्लेड से हमला कर दिया। घायल महिला मदद के लिए सड़क पर दौड़ी, जहां ट्रैफिक पुलिस के आरक्षक सुमन्त सिंह कछावा, रवि मंडेलिया और वीरेंद्र भूरिया ने तुरंत प्राथमिक उपचार देते हुए उसके गले पर पट्टी बांधी और अस्पताल पहुंचाया। घटना के बाद आरोपी ने भी खुद के गले पर ब्लेड से वार कर लिया। आरक्षक रवि मंडेलिया और कृष्णा ने उसे भी अस्पताल पहुंचाया। दोनों की हालत फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है। पलासिया थाना पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved