
नई दिल्ली । प्रिंस रहीम आगा खान पंचम (Prince Rahim Aga Khan pancham) ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की (Met Prime Minister Narendra Modi) । इस दौरान दोनों ने विभिन्न क्षेत्रों में साझेदारी और मजबूत करने के तरीकों पर चर्चा की।
पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स के माध्यम से इसकी जानकारी दी। उन्होंने पोस्ट में लिखा, “इस्माइली समुदाय के 50वें इमाम प्रिंस रहीम आगा खान पंचम से मिलकर खुशी हुई। उनके पिता, स्वर्गीय आगा खान चतुर्थ और विकास कार्यों में उनके अहम योगदान को याद किया। हमने हेल्थकेयर, खेती, ग्रामीण विकास, और युवाओं व महिलाओं के सशक्तिकरण के क्षेत्रों में आगा खान डेवलपमेंट नेटवर्क के साथ अपनी साझेदारी को और मजबूत करने के तरीकों पर चर्चा की।”
इससे पहले खान विदेश मंत्री एस जयशंकर से भी मिले। मुलाकात के बाद एक्स पर जयशंकर ने लिखा कि प्रिंस रहीम आगा खान पंचम से मिलकर खुशी हुई। आगा खान डेवलपमेंट नेटवर्क (एकेडीएन) द्वारा सामाजिक विकास और विरासत संरक्षण के क्षेत्र में किए जा रहे प्रभावशाली कार्यों पर चर्चा की। साथ ही और भारत और विदेशों में संभावनाओं को लेकर मंथन किया। इस्माइली समुदाय के 50वें इमाम प्रिंस रहीम आगा खान पंचम बुधवार को भारत पहुंचे थे। 50वें इमाम के रूप में यह उनकी पहली भारत यात्रा है। 9 से 15 सितंबर तक भारत दौरे रहेंगे। विदेश मंत्रालय के अनुसार, आगा खान पंचम की यह भारत यात्रा उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन के निमंत्रण पर हो रही है। प्रिंस रहीम आगा खान करीब एक सप्ताह तक भारत की यात्रा पर रहेंगे।
इस दौरान वो अहमदाबाद, मुंबई और हैदराबाद भी जाएंगे। प्रिंस रहीम आगा खान पंचम 10 सितंबर को उपराष्ट्रपति के साथ अहम बैठक करेंगे। इन बैठकों के अलावा भारत यात्रा के दौरान आगा खान पंचम अहमदाबाद, मुंबई और हैदराबाद का भी दौरा करेंगे। इन शहरों में आगा खान डेवलपमेंट नेटवर्क (एकेडीएन) विभिन्न विकास कार्यों और सामुदायिक पहलों से जुड़ा हुआ है। आगा खान पंचम के रूप में इस्माइली समुदाय के 50वें इमाम का पद संभालने के बाद यह प्रिंस की पहली भारत यात्रा है।
प्रिंस आगा खान पंचम ने फरवरी 2025 में अपने पिता प्रिंस करीम आगा खान चतुर्थ के निधन के बाद 50वें इमाम का पद संभाला। उस दौरान प्रिंस करीम अल-हुसैनी आगा खान चतुर्थ और शिया इस्माइली मुसलमानों के 49वें इमाम के निधन की जानकारी इस्माइली धार्मिक समुदाय ने अपनी वेबसाइट पर दी थी। आगा खान चतुर्थ ने अपना पूरा जीवन लोक कल्याण के लिए समर्पित कर दिया था। उन्होंने विश्व के सबसे गरीब और सबसे हाशिए पर पड़े समुदायों की मदद की है। आगा खान ने वर्ष 1967 में ‘आगा खान फाउंडेशन’ की स्थापना की थी। यह फाउंडेशन अफ्रीका, एशिया, यूरोप, मध्य पूर्व और उत्तरी अमेरिका के 18 देशों में काम करता है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved