
नई दिल्ली। एशियन गेम्स (Asian Games)2026 के लिए भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम (Indian men’s cricket team)की स्क्वाड में बड़ा बदलाव किया गया है। बीसीसीआई ने टीम(BCCI has [announced] the team) में दो अहम परिवर्तन किए हैं। ऑलराउंडर नीतीश कुमार रेड्डी अब एशियन गेम्स में भारतीय टीम का हिस्सा नहीं होंगे। उन्हें वेस्टइंडीज के खिलाफ होने वाली तीन मैचों की वनडे सीरीज के लिए भारतीय स्क्वाड में शामिल किया गया है। वहीं स्टार स्पिनर वरुण चक्रवर्ती चोट के कारण एशियन गेम्स से बाहर हो गए हैं। उनकी जगह युवा ऑलराउंडर विप्रज निगम को भारतीय टीम में शामिल किया गया है।
बीसीसीआई ने 16 सितंबर को जारी प्रेस विज्ञप्ति में इन बदलावों की जानकारी दी। बोर्ड के मुताबिक वरुण चक्रवर्ती साइड स्ट्रेन की समस्या से जूझ रहे हैं। इसी चोट के कारण वह जापान के खिलाफ 22 सितंबर को होने वाले टी20 इंटरनेशनल मुकाबले में भी नहीं खेल पाएंगे। वरुण की जगह दिल्ली कैपिटल्स से जुड़े युवा खिलाड़ी विप्रज निगम को टीम में शामिल किया गया है। अब विप्रज भारतीय दल के साथ जापान जाएंगे और एशियन गेम्स में टीम इंडिया की जर्सी में नजर आ सकते हैं।
नीतीश कुमार रेड्डी को एशियन गेम्स की टीम से हटाने के पीछे बीसीसीआई की वनडे क्रिकेट को लेकर योजना अहम मानी जा रही है। बोर्ड चाहता है कि नीतीश को वनडे फॉर्मेट में ज्यादा मौके मिलें और वह इस प्रारूप में अपनी उपयोगिता साबित करें। इसी वजह से उन्हें वेस्टइंडीज के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज के लिए भारतीय टीम में शामिल किया गया है। इस सीरीज में मोहम्मद सिराज और रवींद्र जडेजा जैसे अनुभवी खिलाड़ियों को भी जगह दी गई है।
नीतीश के हालिया प्रदर्शन ने भी चयनकर्ताओं का ध्यान खींचा है। अफगानिस्तान के खिलाफ टी20 सीरीज के दूसरे मुकाबले में उन्होंने गेंद से प्रभावी प्रदर्शन किया था। दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए इस मैच में नीतीश ने तीन अफगानी बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा था। उनके प्रदर्शन के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार भी मिला था। इसके बाद उन्हें वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए टीम में शामिल किया गया।
नीतीश जून 2026 में अफगानिस्तान के खिलाफ दो वनडे मुकाबले भी खेल चुके हैं। इन दोनों मैचों में उन्हें बल्लेबाजी का मौका नहीं मिला था। हालांकि धर्मशाला में खेले गए पहले वनडे मुकाबले में उन्होंने गेंदबाजी करते हुए दो विकेट हासिल किए थे। अब वेस्टइंडीज के खिलाफ सीरीज में उनके सामने वनडे क्रिकेट में खुद को साबित करने का एक और अवसर होगा।
दूसरी ओर वरुण चक्रवर्ती की चोट ने एशियन गेम्स की टीम का समीकरण बदल दिया है। अफगानिस्तान के खिलाफ पहले टी20 मुकाबले में गेंदबाजी के दौरान उन्हें चोट लगी थी। इसके बाद वह सीरीज के बाकी मुकाबलों से बाहर हो गए थे। अब साइड स्ट्रेन के कारण उन्हें जापान टी20 और एशियन गेम्स से भी बाहर होना पड़ा है।
एशियन गेम्स के लिए भारतीय टीम की कप्तानी श्रेयस अय्यर के हाथों में है जबकि तिलक वर्मा उपकप्तान बनाए गए हैं। टीम में अभिषेक शर्मा संजू सैमसन ईशान किशन शिवम दुबे अक्षर पटेल वॉशिंगटन सुंदर रवि बिश्नोई जसप्रीत बुमराह अर्शदीप सिंह वैभव सूर्यवंशी यश ठाकुर और विप्रज निगम शामिल हैं। स्क्वाड में हुए बदलाव के बाद अब खास नजर युवा विप्रज निगम और वनडे टीम में शामिल किए गए नीतीश कुमार रेड्डी पर रहेगी।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved