
नई दिल्ली । कांग्रेस सांसद राहुल गांधी (Congress MP Rahul Gandhi) ने महात्मा गांधी की जयंती पर श्रद्धांजलि दी (Paid Tribute on Mahatma Gandhi’s Birth Anniversary) । उन्होंने महात्मा गांधी के सत्य, अहिंसा और निडरता के संदेश का जिक्र किया और कहा कि यही महात्मा गांधी की सबसे बड़ी विरासत है।
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी शुक्रवार सुबह राजघाट पहुंचे और महात्मा गांधी की 157वीं जयंती के मौके पर गांधी जी की समाधि पर आयोजित सर्व-धर्म प्रार्थना में शामिल हुए। उन्होंने महात्मा गांधी की समाधि पर पुष्प अर्पित करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी। इस दौरान देशभर के नेताओं और नागरिकों ने गांधी जयंती मनाई और शांति, अहिंसा व स्वच्छता के उनके संदेश को याद किया। राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर तस्वीरें शेयर करते हुए लिखा, “सत्य, अहिंसा और निर्भयता, यही बापू की सबसे बड़ी विरासत है। उन्होंने सिखाया कि अन्याय के सामने कभी झुकना नहीं, सत्य और अहिंसा के साथ डटे रहना ही सच्ची ताकत है। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी की जयंती पर उन्हें सादर नमन।”
मल्लिकार्जुन खड़गे ने भी महात्मा गांधी की 157वीं जयंती के अवसर पर राजघाट पहुंचकर गांधी समाधि पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। मल्लिकार्जुन खड़गे ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, “सत्य को शक्ति, अहिंसा को साहस और सत्याग्रह को अन्याय के विरुद्ध सबसे प्रभावशाली अस्त्र बनाने वाले राष्ट्रपिता महात्मा गांधी ने न केवल भारत के स्वतंत्रता संग्राम को दिशा दी, बल्कि पूरी दुनिया को मानवता, करुणा और शांति का मार्ग दिखाया।” खड़गे ने आगे लिखा, “आज जब उनके विचारों और मूल्यों के सामने नई चुनौतियां खड़ी हैं, तब बापू के सत्य, अहिंसा, सद्भाव और न्याय के सिद्धांतों पर अडिग रहना ही उन्हें हमारी सच्ची श्रद्धांजलि है। गांधी जयंती पर बापू को विनम्र नमन और सभी देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं।”
हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने एक्स पर लिखा, “राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को स्मरण करना सत्य, अहिंसा और मानवीय गरिमा के उन मूल्यों को आत्मसात करने का अवसर है, जिनकी आज के समय में सबसे अधिक आवश्यकता है। बढ़ती कटुता और असहिष्णुता के बीच बापू का संदेश देश ही नहीं, दुनिया को संवाद, सह-अस्तित्व और संवेदनशीलता का मार्ग दिखाता है। पूज्य बापू की जयंती पर उन्हें शत-शत नमन। सभी प्रदेशवासियों को अंतरराष्ट्रीय अहिंसा दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं।”
तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने एक्स पोस्ट में कहा, “सत्य ही जिनका मार्ग था। अहिंसा ही जिनका शस्त्र था। जिन्होंने देश को आजादी दिलाई। महात्मा की प्रेरणा, जो सदैव अनुकरणीय है। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि।”
कर्नाटक के मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने एक्स पर पोस्ट किया, “गांधी जयंती पर, मैं महात्मा गांधी को अपनी हार्दिक श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं, जिनकी सत्य और अहिंसा में आस्था ने भारत के स्वतंत्रता संग्राम को सबसे बड़ी नैतिक शक्ति प्रदान की। बापू का सादा जीवन और शांति, समानता व भाईचारे का उनका शाश्वत संदेश आज भी हमारा मार्गदर्शन करता है। उनका सपना एक ऐसे भारत का था जहां लोग सम्मान, सद्भाव और आपसी आदर के साथ रहें। आइए, इन मूल्यों को अपने जीवन में अपनाकर और एक अधिक सशक्त, एकजुट व संवेदनशील समाज के निर्माण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को दोहराकर हम उनकी विरासत का सम्मान करें।”
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved