
रांची । झारखंड के भाजपा विधायक सत्येंद्रनाथ तिवारी के खिलाफ (Against Jharkhand BJP MLA Satyendra Nath Tiwari) प्राथमिकी दर्ज की गई (FIR Registered) ।
झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की मां रूपी सोरेन को लेकर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी के मामले में गढ़वा के भाजपा विधायक सत्येंद्रनाथ तिवारी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। रंका थाना पुलिस ने एक व्यक्ति की लिखित शिकायत के आधार पर अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम समेत अन्य संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, गासेदाग गांव निवासी श्रवण सिंह खरवार ने रंका थाने में लिखित शिकायत दी थी। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि विधायक सत्येंद्रनाथ तिवारी ने एक वीडियो में मुख्यमंत्री की मां रूपी सोरेन के संबंध में आपत्तिजनक और अपमानजनक टिप्पणी की।
शिकायतकर्ता के मुताबिक, यह टिप्पणी ऐसे समय की गई, जब रूपी सोरेन की तबीयत खराब थी और वह अस्पताल में भर्ती थीं। शिकायतकर्ता ने कहा है कि कथित टिप्पणी से उन्हें व्यक्तिगत रूप से ठेस पहुंची और इससे अनुसूचित जनजाति समुदाय की भावनाएं भी आहत हुई हैं। उन्होंने पुलिस को कथित वीडियो की रिकॉर्डिंग पेन ड्राइव में उपलब्ध कराने की बात कही है। शिकायत में भारतीय न्याय संहिता, सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम और एससी-एसटी अत्याचार निवारण अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की मांग की गई थी।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। बताया गया है कि कथित टिप्पणी वाला वीडियो 28 सितंबर को एक यूट्यूब चैनल पर प्रसारित हुआ था और बाद में सोशल मीडिया पर भी प्रसारित हुआ। शिकायतकर्ता ने इसी वीडियो को आधार बनाकर पुलिस से कार्रवाई की मांग की थी। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। विधायक सत्येंद्रनाथ तिवारी की ओर से शिकायत में लगाए गए आरोपों पर तत्काल कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। पुलिस जांच के बाद ही कथित टिप्पणी के पूरे संदर्भ और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की स्थिति स्पष्ट होगी।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved