
नई दिल्ली. INDIA ब्लॉक के 140 से अधिक सांसदों का SIR और चुनाव आयोग (election Commission) के खिलाफ संसद (Parliament) से सड़क तक मार्च शुरू हो गया है. INDIA ब्लॉक के सांसद संसद भवन से निकलकर निर्वाचन सदन (Nirvachan Sadan) की ओर बढ़ रहे हैं.
मार्च को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है. विपक्ष के इस विरोध मार्च में कई पार्टियों के नेता और सांसद शामिल हुए हैं. निर्वाचन सदन के पास पुलिस ने बैरिकेडिंग कर INDIA ब्लॉक के नेताओं को रोक दिया है. राहुल गांधी, प्रियंका गांधी समेत कई विपक्षी सांसद वहीं धरने पर बैठ गए हैं.
समाजवादी पार्टी के सांसद धर्मेंद्र यादव और पार्टी के कुछ अन्य युवा सांसद पुलिस द्वारा लगाए गए बैरिकेड पर चढ़ गए हैं. वहीं, राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खड़गे, डी. राजा और INDIA ब्लॉक के दूसरे वरिष्ठ नेता आकाशवाणी भवन के बाहर धरने पर बैठ गए हैं. रिपोर्ट के मुताबिक, पहला बैरिकेड संसद भवन से करीब 400 मीटर की दूरी पर था. बसें भी मौके पर पहुंच गई हैं. पैरामिलिट्री फोर्स भी आगे आ गई हैं. हालांकि, अभी तक किसी को हिरासत में नहीं लिया गया है.
BJP के लिए काम कर रही ECI: अखिलेश यादव
समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने चुनाव आयोग पर पक्षपात का आरोप लगाया है. उन्होंने कहा कि बंगाल में फोर्स के माध्यम से बूथ लूटा गया. उत्तर प्रदेश में भी ऐसा हुआ. अखिलेश यादव ने चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर भी सवाल उठाए हैं. उन्होंने कहा, ‘चुनाव आयोग निष्पक्ष नहीं है और चुनाव आयोग संविधान के तहत काम नहीं कर रहा है. भाजपा जब से आई है तब से चुनाव आयोग ने भाजपा के लिए काम करना शुरू कर दिया.’
PDA वोटरों के नाम हटाए गए
समाजवादी पार्टी सांसद राजीव राय ने आरोप लगाया कि PDA वोटरों के नाम हटाए जा रहे हैं. उन्होंने दावा किया कि उन्होंने EC की वेबसाइट से डाउनलोड किए गए 15,000 वोटर रिकॉर्ड पेश किए थे, लेकिन उन्हें न तो कमीशन और न ही सरकार की ओर से कोई जवाब मिला.
समाजवादी पार्टी सांसद इकरा हसन भी प्रदर्शन में शामिल हुई हैं. उन्होंने एक रिपोर्ट का हवाला देते हुे कहा कि इसके मुताबिक, 14 बार आम सहमति से फैसला नहीं हुआ. उन्होंने कहा कि विपक्ष पहले दिन से कह रहा है कि ज्ञानेश कुमार बीजेपी के एजेंट की तरह काम कर रहे हैं.
ताजा जानकारी के मुताबिक, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और INDIA गठबंधन के दूसरे सांसद चुनाव आयोग से लगभग 200 मीटर दूर, नीति आयोग के पास धरने पर बैठे हुए हैं.
प्रदर्शनकारी चुनाव आयोग के मुख्यालय से लगभग 200 मीटर की दूरी पर धरने पर बैठे हैं. सांसद CEC ज्ञानेश कुमार के खिलाफ ‘वोट चोर’ के नारे लगा रहे हैं. प्रदर्शन को देखते हुए निर्वाचन सदन और आसपास के इलाकों में सुरक्षा बढ़ाई गई है. मौके पर बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी तैनात हैं.
बॉडी कैमरा लगाकर ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी
RAF (रैपिड एक्शन फोर्स) के जवान भारी संख्या में मौजूद हैं. दिल्ली पुलिस अब हर प्रोटेस्ट में बॉडी कैमरा लगा कर ड्यूटी कर रही है. नई दिल्ली इलाके के डीसीपी सचिन शर्मा भी अब बॉडी कैमरा लगा कर ड्यूटी में तैनात हैं.
नई दिल्ली ज़िले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए 3000 से ज़्यादा पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं. पुरुषों की 27 कंपनियां और महिलाओं की 4 कंपनियां तैनात की गई हैं. बता दें, आम तौर पर एक पुलिस कंपनी में 100-115 जवान होते हैं. संसद भवन, पार्लियामेंट स्ट्रीट गोलचक्कर के पास और निर्वाचन सदन, आदि अहम जगहों पर सुरक्षाबल तैनात किए गए हैं.
ट्रैफिक एडवाइजरी जारी
दिल्ली पुलिस ने मार्च के मद्देनजर ट्रैफिक एडवाइजरी भी जारी की है. कनॉट प्लेस, पटेल चौक- मुख्य डाक घर, विंडसर प्लेस- मुख्य डाक घर, अशोक रोड, जंतर-मंतर रोड और आसपास के इलाकों में ट्रैफिक डायवर्जन किया गया है.
ज्ञानेश कुमार देश के दुश्मन: संजय राऊत
INDIA ब्लॉक के मार्च में शामिल होने के लिए शिवसेना- UBT सांसद संजय राऊत दिल्ली पहुंचे हैं. विपक्ष के मार्च के मद्देनजर दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए हैं. CISF जवानों की भी तैनाती की गई है. संजय राऊत ने सवाल किया है कि इतने पुलिसबल की क्या जरूरत थी? उनका कहना है कि वे बस चुनाव आयोग के दफ्तर जाकर ज्ञानेश कुमार को इस्तीफा देने के लिए कहना चाहते हैं, इसके लिए इतने पुलिस बल की जरूरत नहीं थी. उन्होंने ज्ञानेश कुमार को देश का दुश्मन बताया है.
उन्होंने कहा, ‘ हम पैदल मार्च करना चाहते हैं; हमारे पास कोई हथियार नहीं है. हम बस चुनाव आयोग के दफ़्तर जाकर ज्ञानेश कुमार से इस्तीफ़ा देने के लिए कहना चाहते हैं, और वे देश के दुश्मन हैं.’
AAP ने किया किनारा
आम आदमी पार्टी ने इस मार्च से दूरी बना ली है. आम आदमी पार्टी ने साफ कहा कि वह लड़ाई खुद लड़ रही है इसलिए वह SIR को लेकर हो रहे INDIA गठबंधन के मार्च में शामिल नहीं होगी.
AAP राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने कहा कि SIR को लेकर देश के अलग-अलग हिस्सों में प्रोटेस्ट हो रहे हैं. उनका कहना है कि इस प्रोटेस्ट को लेकर पार्टी का मानना है कि यह लोगों का आंदोलन है और देश से जुड़ा मुद्दा है. उन्होंने कहा, ‘CJP और अलग-अलग संगठन विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं. यह INDIA गठबंधन का विरोध प्रदर्शन है इसलिए आम आदमी पार्टी इसमें शामिल नहीं है. हम यह लड़ाई अपने तरीके से लड़ रहे हैं.’
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved