
इंदौर। लोकायुक्त पुलिस ने पीटीसी के प्रधान आरक्षक फिरोज खान 15 के ठिकानों पर छापा मारकर उसकी तीस करोड़ से अधिक की संपत्ति का खुलासा किया था। अब उसका एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें वह नोटों की गड्डियां लुटाते दिखाई दे रहा है। बताते हैं कि उसके साथ देवास के कई अफसर भी डांस कर रहे हैं। इनकी पहचान की जा रही है।
दो दिन पहले लोकायुक्त पुलिस ने प्रधान आरक्षक फिरोज खान के इंदौर, देवास के 15 ठिकानों पर छापा मारा था। लोकायुक्त एसपी राजेश सहाय ने बताया कि उसके 21 बैंक खातों की जानकारी बैंकों से मांगी गई थी। इसमें से कुछ बैंकों से जानकारी आ गई है। वहां उसके खाते में दस लाख से अधिक की राशि जमा है। बैंकों से उसके लॉकर की जानकारी मांगी है, लेकिन अब तक किसी लॉकर की जानकारी सामने नहीं आई है। लोकायुक्त पुलिस ने गृह विभाग को पत्र लिखकर फिरोज के यहां छापे की जानकारी दे दी है, ताकि उसके खिलाफ सस्पेंड करने की कार्रवाई की जा सके।
वहीं इसी बीच सोशल मीडिया पर फिरोज खान का एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें वह नोट लुटा रहा है। इस दौरान उसके साथ देवास के कुछ अफसर भी शामिल हैं। हालांकि अभी उनकी पहचान नहीं हो सकी है। बताते हैं कि यह वीडियो इंदौर की एक नामी होटल का है, जहां कुछ साल पहले फिरोज खान की बेटी की शादी हुई थी। इसमें कई नामी लोग भी शामिल हुए थे और गानों पर थिरक रहे थे। अब यह वीडियो चर्चा का विषय बना हुआ है। वहीं जो अफसर इसमें दिखाई दे रहे हैं उनके बीच खलबली मच गई है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved