
मघ्य प्रदेश पुलिस नशे के कारोबार पर शिकंजा कसने के लिए लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में घार में बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने बड़े पैमाने पर हो रही गांजे की अवैध खेती का पर्दाफाश किया है। जब्त किए गए गांजे की कीमत करीब 4.43 करोड़ रुपए आंकी गई है।
दरअसल, राजगढ़ पुलिस को 13 अक्टूबर को सूचना मिली थी कि ग्राम चौबारा के वन क्षेत्र में कपास और तुअर दाल की आड़ में गांजा उगाया जा रहा है। जानकारी मिलने के फौरन बाद पुलिस मौके पर पहुंची और गांजे के करीब 3 हजार 345 पौधों को नष्ट किया। इनका वजन 3 हजार 695 किलोग्राम है और इसकी अनुमानित कीमत करीब 4 करोड़ 43 लाख रुपए है।
ASP पारुल बेलापुरकर ने बताया कि थाना प्रभारी समीर पाटीदार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने धार-झाबुआ जिले के सीमावर्ती वन क्षेत्र में लगातार दो दिनों तक सघन अभियान चलाया और अवैध रूप से उगाए गए गांजे के पौधों को जब्त किया। मामले में आरोपी राजू भूरिया फरार बताया जा रहा है। पुलिस उसकी तलाश के साथ ही पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है।
यह कार्रवाई पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाना के निर्देश पर चलाए जा रहे नशामुक्ति अभियान और पुलिस अधीक्षक सचिन शर्मा और एसडीओपी सरदारपुर विश्वदीप सिंह परिहार के मार्गदर्शन में की गई।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved