
ग्रेटर नोएडा. ग्रेटर नोएडा (Greater Noida) के रबूपुरा क्षेत्र के नगला श्री पदम गांव में शनिवार को एक ही परिवार के पांच सदस्यों (Five members) की मौत से हड़कंप मच गया। मृतकों में पति-पत्नी (husband, wife) और उनके तीन बच्चे (three children) शामिल हैं। प्रारंभिक जांच में मामला फूड पॉइजनिंग (Food poisoning) का माना जा रहा है। बताया गया है कि परिवार के सदस्यों ने शुक्रवार रात नूडल्स का सेवन किया था। हालांकि, पुलिस ने अभी मौत का वास्तविक कारण स्पष्ट नहीं किया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य वैज्ञानिक जांच के बाद ही स्थिति साफ होगी।
डीसीपी ग्रेटर नोएडा श्रवण कुमार सिंह के मुताबिक शनिवार सुबह थाना रबूपुरा को सूचना मिली कि नगला श्री पदम निवासी एक ही परिवार के पांच सदस्यों की मौत हो गई है। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस के साथ उच्चाधिकारी मौके पर पहुंचे। एंबुलेंस और फूड एंड सेफ्टी विभाग की टीम को भी घटनास्थल पर बुलाया गया। फील्ड यूनिट और फोरेंसिक टीम ने मौके का गहन निरीक्षण किया और वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए।
मृतकों की पहचान महेश (37) पुत्र कृष्ण, उसकी पत्नी ललिता (35), बेटे लड्डू (11), बेटी मिष्टी (7) और तीन वर्षीय बेटे साक्षात के रूप में हुई है। सभी नगला श्री पदम गांव के रहने वाले थे। पांचों के शवों का पंचनामा भरने की कार्रवाई की गई। इसके बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ में आसपास के लोगों और मृतक महेश की मां ने बताया कि परिवार के सदस्यों ने रात में नूडल्स खाए थे। इसके बाद परिवार के पांच सदस्यों की मौत हो गई। इसी आधार पर प्रथम दृष्टया फूड पॉइजनिंग की आशंका जताई जा रही है। हालांकि पुलिस ने किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले पोस्टमार्टम और अन्य जांच रिपोर्ट का इंतजार करने की बात कही है।
फूड एंड सेफ्टी विभाग की टीम मौके पर पहुंची
फूड एंड सेफ्टी विभाग की टीम भी मौके पर पहुंचकर खाद्य पदार्थ से जुड़े साक्ष्य जुटा रही है। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य संकलित किए हैं। पुलिस अधिकारियों के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फोरेंसिक जांच और खाद्य पदार्थों की जांच रिपोर्ट से मौत के कारणों का पता चल सकेगा। पुलिस का कहना है कि मौत की वास्तविक वजह की पुष्टि होने के बाद मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved