
कोलकाता. दुर्गा पूजा (Durga Puja) के बीच कोलकाता (Kolkata) में सप्तमी की शाम बड़ा हादसा हो गया. उत्तर कोलकाता के चोरबागान सार्वजनीन पूजा पंडाल (pandal) में भारी भीड़ के दबाव के बीच पंडाल का एक हिस्सा ढह गया, जिसके बाद भगदड़ जैसी स्थिति बन गई. जानकारी के मुताबिक, हादसे में 19 लोगों की मौत हो गई, जबकि दो दर्जन से ज्यादा लोग घायल हैं. घटना के बाद चोरबागान पूजा समिति के जनरल सेक्रेटरी और पदाधिकारियों ने इस्तीफा दे दिया. वहीं, मुख्यमंत्री (CM) शुभेंदु अधिकारी (Suvendu Adhikari) ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं.
हादसे के बाद प्रभावित लोगों को सुरक्षित बाहर निकालकर कलकत्ता मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया गया. पुलिस, फायर ब्रिगेड और आपदा प्रबंधन की टीमें मौके पर पहुंचीं, जबकि पूजा आयोजक भी राहत और बचाव कार्य में जुट गए. मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी और मुख्य सचिव मनोज अग्रवाल भी अस्पताल पहुंचे.
कोलकाता पुलिस के मुताबिक, 17 अक्टूबर को शाम करीब 7.40 बजे बारिश और भारी भीड़ के चलते शारदा पार्क पूजा पंडाल के एग्जिट गेट पर भगदड़ हुई. फिलहाल पंडाल को श्रद्धालुओं के लिए बंद कर दिया गया है. वहीं, प्रशासन के निर्देश पर ताला प्रतॉय पंडाल को भी बंद कर दिया गया है और चेतला अग्रणी पंडाल को एक घंटे के लिए बंद किया गया था.
पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने चोरबागान पूजा पंडाल में हुए हादसे को बेहद दुखद बताया. उन्होंने कहा कि शाम करीब 7:30 से 8 बजे के बीच हुई इस घटना में अब तक 19 लोगों की मौत हो चुकी है और 25 लोग घायल हैं, जिनमें एक या दो की हालत गंभीर है. उन्होंने कहा कि शुरुआती जानकारी के अनुसार, क्लब की ओर से माइक पर की गई घोषणा के बाद भगदड़ या दम घुटने जैसी स्थिति बनी. फिलहाल सरकार की प्राथमिकता घायलों का बेहतर इलाज और मृतकों के परिवारों के साथ खड़ा होना है.
शुभेंदु अधिकारी ने सभी पूजा कमेटियों से पुलिस के साथ सहयोग करने और एंट्री-एग्जिट में कमी होने पर उसे दूर करने की अपील की. उन्होंने बताया कि उनके कल के सभी कार्यक्रम स्थगित कर दिए गए हैं. हादसे की जांच के लिए फैक्ट फाइंडिंग कमेटी बनाई जाएगी. कोलकाता पुलिस को पूजा कमेटी के सदस्यों और सुरक्षा से जुड़े लोगों से पूछताछ करने और CCTV फुटेज सुरक्षित रखने के निर्देश दिए गए हैं. STF, फोरेंसिक टीम और फायर ब्रिगेड मौके पर जांच कर रही हैं.
राष्ट्रपति ने जताया दुख
दुर्गा पूजा पंडाल में हुई लोगों की मौत पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने गहरा दुख जताया है. उन्होंने हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की. राष्ट्रपति ने हादसे में घायल हुए लोगों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की.
पीएम मोदी ने जताया दुख
कोलकाता में भगदड़ की घटना पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गहरा दुख जताया है. पीएमओ की ओर से जारी पोस्ट में कहा गया कि इस घटना से बेहद दुख हुआ है. प्रधानमंत्री ने हादसे में अपने प्रियजनों को खोने वाले परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की. उन्होंने कहा कि स्थानीय प्रशासन प्रभावित लोगों को हर संभव मदद पहुंचा रहा है. प्रधानमंत्री ने हादसे में जान गंवाने वाले प्रत्येक व्यक्ति के परिजन को PMNRF से 2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है. वहीं, घायलों को 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी.
राज्यपाल ने जताया दुख
पश्चिम बंगाल के राज्यपाल रवि ने कोलकाता के दुर्गा पूजा पंडाल में भगदड़ में हुई मौतों पर गहरा दुख जताया है. उन्होंने मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों के जल्द ठीक होने की कामना की.
अमित शाह ने जताया दुख
दुर्गा पूजा पंडाल में हुई भगदड़ की घटना पर गृह मंत्री अमित शाह ने गहरा दुख जताया है. अमित शाह ने पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी से फोन पर बात की और हादसे में जान गंवाने वाले श्रद्धालुओं के प्रति संवेदना व्यक्त की. उन्होंने कहा कि प्रशासन की ओर से घायलों को हर संभव चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है.
अमित शाह ने पश्चिम बंगाल में कल के अपने सभी कार्यक्रम स्थगित कर दिए हैं. उन्होंने कहा कि वह अस्पताल जाकर घायलों से मुलाकात करेंगे. गृह मंत्री ने मां दुर्गा से सभी घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना भी की.
सरकार ने जारी किया हेल्पलाइन नम्बर
वहीं, दुर्गा पूजा के दौरान हुए इस हादसे के मद्देनजर पश्चिम बंगाल सरकार ने टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर जारी किया है. लोग 18003455678 नंबर पर संपर्क कर सकते हैं. एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि कई लोग बेहोश हो गए थे. उन्होंने कहा कि कुछ लोगों को मोटरसाइकिलों पर बैठाकर वहां से ले जाया जा रहा था. प्रत्यक्षदर्शी के मुताबिक, उन्होंने आसपास कई लोगों को बेहोश होते और उन्हें बाइक से ले जाते देखा. उन्होंने बताया कि मौके पर काफी भीड़ भी मौजूद थी.
ममता बनर्जी ने जताया दुख
भगदड़ की घटना पर पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने दुख जताया है. उन्होंने कहा कि वह घटना की खबर से बेहद स्तब्ध और दुखी हैं. ममता बनर्जी ने घायलों के जल्द ठीक होने की कामना की और इस मुश्किल समय में उनके परिवारों को हिम्मत और साहस देने के लिए मां दुर्गा से प्रार्थना की.
चोरबागान पूजा पंडाल में हुए हादसे को लेकर TMC विधायक कुणाल घोष ने इसे बेहद दुर्भाग्यपूर्ण घटना बताया है. उन्होंने कहा कि हादसे में प्रभावित लोगों को मेडिकल कॉलेज ले जाने की पूरी प्रक्रिया चल रही है. कुणाल घोष ने कहा कि हादसा कैसे और क्यों हुआ, इसकी जानकारी बाद में सामने आएगी, लेकिन फिलहाल प्राथमिकता लोगों को बचाना और गंभीर रूप से घायल लोगों का इलाज कराना है.
उन्होंने पुलिस और प्रशासन से मेडिकल कॉलेज में तुरंत डॉक्टर और संबंधित मेडिकल स्टाफ की व्यवस्था करने की अपील की. उन्होंने कहा कि TMC कार्यकर्ता भी राहत कार्य में सहयोग कर रहे हैं. कुणाल घोष ने पूजा घूमने निकले लोगों से चोरबागान की तरफ नहीं जाने की अपील की.
TMC ने सरकार से पूछा सवाल
कोलकाता के चोरबागान पूजा पंडाल में हुई दुखद भगदड़ की घटना को लेकर TMC ने पुलिस और प्रशासन पर सवाल उठाए हैं. TMC ने कहा कि स्थानीय लोगों के मुताबिक मौके पर न तो पुलिस थी, न सिविक वॉलंटियर्स, न एंबुलेंस और न ही भीड़ को संभालने की व्यवस्था थी.
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved