
इंदौर। शहर के चंदन नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत धार रोड पर रविवार सुबह करीब 7 बजे एक बड़ा सड़क हादसा टल गया। धार से इंदौर की ओर आ रही एक तेज रफ्तार चार्टर्ड बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने ‘शेरे पंजाब ढाबे’ के अंदर जा घुसी। इस भीषण हादसे में बस ड्राइवर गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि कुछ यात्रियों को भी हल्की चोटें आई हैं। राहत की बात यह रही कि घटना के समय ढाबा बंद था, जिससे एक बड़ा जनहानि का खतरा टल गया।
पेट्रोल पंप के पास बिगड़ा संतुलन
चंदन नगर पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, धार की तरफ से आ रही चार्टर्ड बस जब धार रोड स्थित एक पेट्रोल पंप के पास पहुंची, तो अचानक चालक ने बस से नियंत्रण खो दिया। बेकाबू हुई बस सड़क किनारे बने शेरे पंजाब ढाबे की दीवार को तोड़ते हुए सीधे उसके किचन के अंदर जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ढाबे के एक हिस्से को भारी नुकसान पहुंचा है।
हादसे के बाद बस में बैठे यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। आवाज सुनकर आसपास के स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। लोगों की मदद से घायलों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। गंभीर रूप से घायल ड्राइवर को तुरंत एंबुलेंस की मदद से नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है। वहीं, मामूली रूप से घायल यात्री अन्य साधनों से अपने गंतव्य की ओर रवाना हो गए।
बाल-बाल बचे ढाबे के कर्मचारी
हादसे के समय राहत की बात यह रही कि शेरे पंजाब ढाबा बंद था और अंदर केवल दो से तीन कर्मचारी सो रहे थे। तेज धमाके की आवाज सुनकर वे हड़बड़ाकर बाहर निकले। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस ढाबे पर अमूमन दिन और रात के समय काफी भीड़भाड़ रहती है, यदि यह हादसा दिन के वक्त होता तो स्थिति बेहद भयावह हो सकती थी। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और हादसे के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है। फिलहाल ड्राइवर और कंडक्टर के बयान दर्ज नहीं किए जा सके हैं।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved