
मुंबई: एक्टर टाइगर श्रॉफ (Actor Tiger Shroff) पर जुहू में रविवार शाम फायरिंग की गई है. इस अटैक में टाइगर बिल्कुल सुरक्षित हैं. लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने सोशल मीडिया पर इस हमले की जिम्मेदारी ली है. विदेश में बैठे गैंगस्टर अनिल पंडित और हरमन संधु के नाम से फायरिंग की जिम्मेदारी ली गई है, जो कि लॉरेंस गैंग के सदस्य हैं. हालांकि, पोस्ट की प्रामाणिकता और इसमें किए गए दावों की आधिकारिक पुष्टि होना अभी बाकी है.
डीसीपी मोहित गर्ग, जोन-1, पश्चिमी क्षेत्र ने स्पष्ट किया कि टाइगर श्रॉफ सुरक्षित हैं और उन्हें इस फायरिंग में कोई चोट नहीं आई है. मामले में आगे की जांच जारी है. फायरिंग की घटना के बाद टाइगर की सुरक्षा को लेकर उनके पिता जैकी श्रॉफ की टीम ने स्थिति स्पष्ट की है. जैकी श्रॉफ की टीम ने पुष्टि की कि टाइगर सुरक्षित हैं और उन्हें कोई चोट नहीं आई है. टीम ने कहा, ‘टाइगर ठीक हैं.’ इससे पहले पुलिस ने भी स्पष्ट किया था कि टाइगर श्रॉफ को फायरिंग की वारदात में कोई चोट नहीं आई है.
जांच के लिए पुलिस की 12 टीमें गठित
फायरिंग की घटना के बाद मुंबई पुलिस ने आरोपियों की तलाश तेज कर दी है. मामले की जांच और आरोपियों का पता लगाने के लिए पुलिस की 12 टीमें बनाई गई हैं. पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है. फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि फायरिंग किस वजह से की गई और इसके पीछे किसका हाथ है.
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, टाइगर श्रॉफ की BMW गाड़ी पर तीन गोलियां चलाई गई हैं. टाइगर सुरक्षित हैं. उनके ड्राइवर को नानावती हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है. टाइगर फुटबॉल मैच खेलकर घर जा रहे थे. सांस्कृतिक मंत्री आशीष शेलार ने टाइगर के परिवार से बात की है. पुलिस ने इलाके को कॉर्डन ऑफ कर दिया है.
लॉरेंस गैंग ने पोस्ट में क्या लिखा
लॉरेंस बिश्नोई गैंग की तरफ से किए गए सोशल मीडिया पोस्ट में दावा किया गया कि टाइगर को पहले भी फोन करके धमकी दी गई थी. गैंगस्टर अनिल पंडित ने सोशल मीडिया पर लिखा- ‘जय महाकाल… जय श्रीराम…. सभी भाइयों को राम राम… आज ये टाइगर श्रॉफ का काम हुआ है. इसकी जिम्मेदारी अनिल पंडित और हरमन संधू लेते हैं. हमने इसको कॉल करके समझाया था. लेकिन इसे समझ नहीं आया. इसलिए आज इसे बढ़िया तरीके से समझा दिया गया है. जो भी मुंबई फिल्म इंडस्ट्री में हमारी बात नहीं सुनेगा या सलमान खान के साथ काम करेगा. अगला नंबर उसका होगा. वेट एंड वॉच. कुछ और ग्रुप के लोग जो हमारे नाम से फेम लेने की सोचते हैं. इनको जल्द ही मार कर फेमस करेंगे. ‘
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved