
इंदौर। खरगोन के नामी कारोबारी की पत्नी लापता हो गई। बताया जा रहा है कि उसकी लोकेशन पहले इंदौर और फिर जयपुर मिली। पुलिस टीम ने पहले उसकी इंदौर में तलाश की और फिर जयपुर तक गई, लेकिन बाद में लोकेशन नहीं मिलने से पुलिस को खाली हाथ लौटना पड़ा। यह बात सामने आ रही है कि वह काफी पैसा और नकदी लेकर निकली थी। वह एक व्यक्ति के साथ जाते हुए दिखी, जिसके चलते उस व्यक्ति पर उसका अपहरण करने की शंका है।
बताया जा रहा है कि 45 साल की खरगोन की इस महिला की ससुराल हाईप्रोफाइल परिवार है। रहस्यमय तरीके से महिला के गायब होने के बाद पुलिस ने एक व्यक्ति पर अपहरण का केस दर्ज किया। खरगोन पुलिस ने महिला की लोकेशन निकाली तो लोकेशन पहले इंदौर और फिर जयपुर आई, जिसके चलते पुलिस टीम लोकेशन के आधार पर इंदौर और फिर जयपुर तक गई, लेकिन इसके आगे की लोकेशन नहीं मिलने के चलते पुलिस को खाली हाथ लौटना पड़ा। अब आशंका है कि अपहरणकर्ता उसे नेपाल ले जा सकता है, जिसके चलते वहां भी पुलिस टीम रवाना की जा रही है।
बीते हफ्ते में 30 से अधिक लापता
उधर, इंदौर जिले में बीते 9 दिनों में नाबालिग बच्चियों सहित युवतियों और महिलाओं के लापता होने की संख्या करीब 30 के आसपास हो गई है। वहीं पिछले एक महीने का आंकड़ा देखा जाए तो गुमशुदाओं की संख्या 100 से अधिक हो चुकी है। कल ही पुलिस ने 8 ऐसे प्रकरण दर्ज किए, जिनमें 3 विवाहित महिलाएं सहित दो युवतियां और तीन नाबालिग लापता हुईं। सभी मामलों में पुलिस ने अपहरण का केस दर्ज किया है। पुलिस मोबाइल लोकेशन के आधार पर गुमशुदाओं की तलाश में लगी है। हालांकि ऐसा कम ही होता है कि लापता मिल जाते हैं, लेकिन उनके परिजन उनके मिलने की सूचना पुलिस को नहीं देते हैं और पुलिस के रिकॉर्ड में गुमशुदा इंसान लापता ही रहता है। इसे लेकर पीएचक्यू से बीते दिनों एक आदेश भी निकला था, जिसमें लापता लोगों को खोजने के लिए अभियान चलाने का आदेश दिया गया था।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved