
भोपाल । केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान (Union Minister Shivraj Singh Chouhan) ने कहा कि ‘रिजीम चेंज’ की मांग करने वालों की (Those calling for ‘Regime Change’) दाल नहीं गलेगी (Will not Succeed) ।
केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि ‘रिजीम चेंज’ की मांग करने वालों की दाल नहीं गलने वाली है। देश के करोड़ों लोगों को पीएम मोदी के नेतृत्व पर पूरा विश्वास है। देश में विपक्षी दलों सहित अन्य लोगों द्वारा चलाई जा रही मुहिम पर तंज कसते हुए केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि रिजीम चेंज गैंग की दाल इसलिए नहीं गल रही, क्योंकि देश के युवाओं, किसानों, बहन-बेटियों और माताओं को अपने सक्षम नेतृत्व पर पूरा भरोसा है। उन्होंने कहा कि देश की जनता को भरोसा है उस नेतृत्व पर, जिसने दुनिया के सामने भारत का मस्तक ऊँचा किया है। जिसने देश को आत्मविश्वास से चलना सिखाया है और जो हर चुनौती के सामने सीना तानकर खड़ा है। बदलते भारत का जिक्र करते हुए चौहान ने कहा कि आज का भारत न झूठे नैरेटिव से बहकता है, न षड्यंत्रों से डरता है और न ही देश को कमजोर करने वाली सोच के सामने झुकता है।आज सरकार के लिए देश का सम्मान और 140 करोड़ देशवासियों का भविष्य सर्वोपरि है।
विपक्ष को चेतावनी भरे अंदाज में शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि याद रखिए, जनता का विश्वास किसी नैरेटिव का मोहताज नहीं होता। वह काम, संकल्प और नेतृत्व की ईमानदारी से बनता है।यही नए भारत की ताकत है, यही जनता का विश्वास है और यही वह दीवार है, जिससे टकराकर रिजीम चेंज गैंग के सपने बार-बार बिखर जाते हैं। इससे पहले शिवराज चौहान ने विपक्षियों पर आरोप लगाते हुए कहा था कि रिजीम चेंज गैंग रोज सत्ता परिवर्तन के सपने देखता है, षड्यंत्र रचता है, झूठ फैलाता है और नैरेटिव गढ़ता है। लेकिन जनता के जनादेश के सामने इनके सपने साबुन के बुलबुले की तरह फूट जाते हैं।
उन्होंने कहा कि भाजपा से जुड़े छात्र संघ और नगरीय निकाय चुनाव मे मिली सफलता का जिक्र करते हुए चौहान ने कहा कि पंजाब यूनिवर्सिटी, दिल्ली यूनिवर्सिटी, ओडिशा के 13 विश्वविद्यालयों में एबीवीवी की जीत, गुजरात निकाय चुनाव और असम, बंगाल व पुडुचेरी उपचुनाव के नतीजे बहुत कुछ बयां करते हैं।गाँव हो या शहर, युवा हों या आम नागरिक, जनता का मूड कुछ और है, और रिजीम चेंज गैंग की स्क्रिप्ट कुछ और।अब हर हार के बाद बस एक ही सवाल कि भैया, भारत में तुम्हारी दाल गल क्यों नहीं रही? रिजीम चेंज गैंग आत्ममंथन करे।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved