
नई दिल्ली: मणिपुर (Manipur) के मुख्यमंत्री वाई खेमचंद सिंह (Chief Minister Y. Khemchand Singh) के इंफाल में बंगले के बाहर तैनात सुरक्षाकर्मी उस समय हैरान रह गए, जब सोमवार को कुछ प्रदर्शनकारी एक शव लेकर मुख्य द्वार के बाहर आ गए और प्रदर्शन शुरू कर दिया. इस पर प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने के लिए सुरक्षाकर्मियों को आंसू गैस के गोले छोड़ने पड़े. न्यूज एजेंसी पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक, यह घटना सोमवार सुबह कुकी उग्रवादियों द्वारा कथित तौर पर दो मेतेई लोगों की हत्या के बाद हुई, जब वे जंगल में जलाने की लकड़ी इकट्ठा कर रहे थे. ताजा हत्याओं के बाद स्थानीय लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया और इंफाल में मुख्यमंत्री के घर के बाहर शव रख दिया.
अधिकारियों के हवाले से बताया गया कि इंफाल पूर्व और कांगपोकपी जिलों की सीमा पर जलाने की लकड़ी इकट्ठा करने वालों के एक समूह पर उग्रवादियों ने कथित तौर पर गोलीबारी की, जिसमें चार अन्य लोग भी घायल हो गए. मरने वालों की पहचान अरुबाम रोनिल (35) और लैरेनलाकपम इनाओबी (51) के रूप में हुई है.
CM आवास के सामने प्रदर्शन, पुलिस ने दागे आंसू गैस के गोले
इंफाल पूर्व के नोंगशुम गांव से कुछ मीटर दूर कांगपोकपी के खोंगबल सुनुरोक उयोक में हुई इस घटना में तीन लोग लापता बताए जा रहे हैं. अधिकारियों के मुताबिक, 16 लोगों का एक समूह सुबह करीब 7 बजे अपने गांव के पास पहाड़ियों पर जलाने की लकड़ी इकट्ठा करने गया था, तभी उन पर हमला हो गया. यह तुरंत पता नहीं चला कि जब सीएम के आवास के पास विरोध प्रदर्शन शुरू हुआ तो वह घर पर मौजूद थे या नहीं.
पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने के लिए कई राउंड आंसू गैस के गोले दागे, जिसके बाद शवों को जवाहरलाल नेहरू इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (JNIMS) ले जाया गया. शनिवार को मणिपुर के कामजोंग जिले के कुकी गांव चसाद में कुकी और नागा समुदायों के हथियारबंद समूह के बीच गोलीबारी में एक 36 साल के आदमी की भी मौत हो गई, और चार अन्य घायल हो गए.
एक अधिकारी बताया, गांव के मुखिया थंगजाहो हाओकिप (48), और चार अन्य – खैलुन हाओकिप (57), सेखोहो हाओकिप (36), हेगिन हाओकिप (48) और सेपाओ हाओकिप (55) – ताजा हिंसा में घायल हो गए. सभी घायलों को असम राइफल्स के जवानों ने बचाया और उन्हें चसद में पैरामिलिट्री फोर्स के हॉस्पिटल में ले जाया गया. सेखोहो की चोटों की वजह से मौत हो गई.
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved