
मुंबई /कोटा । अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग करनेवाले तीन हमलावर (Three Attackers who opened fire on actor Tiger Shroff) कोटा से गिरफ्तार किए गए (Have been arrested from Kota)।
बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग के मामले में राजस्थान पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने सोमवार सुबह करीब 10:30 बजे कोटा रेलवे स्टेशन पर तीन संदिग्धों को हिरासत में लिया। आरोपियों में दो हरियाणा और एक बिहार का रहने वाला है। पुलिस के मुताबिक, वारदात के बाद तीनों फरार होने की कोशिश कर रहे थे और उनकी योजना नेपाल भागने की थी।
पुलिस के अनुसार, तीनों आरोपी पुणे-जयपुर एक्सप्रेस के जनरल कोच में सवार होकर जयपुर जा रहे थे। यहां पहुंचने के बाद उन्हें बस से दिल्ली जाना था और फिर नेपाल भागने की योजना थी। हालांकि, मुंबई पुलिस से मिली सूचना के बाद कोटा पुलिस ने रेलवे स्टेशन पर निगरानी बढ़ा दी और ट्रेन की तलाशी लेकर तीनों को पकड़ लिया। कोटा एसपी तेजस्विनी गौतम ने बताया कि मुंबई पुलिस से आरोपियों के ट्रेन में होने की जानकारी मिली थी। इसके बाद पुलिस टीम ने करीब 15 मिनट के भीतर ट्रेन की जांच पूरी की और तीनों संदिग्धों को हिरासत में ले लिया।
पुलिस के मुताबिक, इस मामले में लॉरेंस गैंग के अनिल पंडित की भूमिका सामने आई है। आरोप है कि उसने फायरिंग की वारदात के लिए कॉन्ट्रैक्ट दिया था। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर मामले से जुड़े अन्य लोगों और घटना के पीछे की साजिश का पता लगाने में जुटी है। जानकारी के अनुसार, फायरिंग की घटना में टाइगर श्रॉफ को गोली नहीं लगी, लेकिन उनके बाएं हाथ में बारूद और कांच के टुकड़ों से चोट आई। घटना के दौरान उनके ड्राइवर को भी चोट लगने की बात सामने आई है।
गिरफ्तार आरोपी रेहान के पिता रिशुद्दीन ने बताया कि उनका बेटा कई साल पहले वेल्डिंग का काम सीखने की बात कहकर घर से चला गया था। उन्होंने यह भी बताया कि रेहान की मां के साथ पारिवारिक विवाद चल रहा है और वह करीब 10 साल से अलग रह रही हैं। रेहान अपनी मां के साथ रहता है। फिलहाल, पुलिस तीनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है। जांच के दौरान फायरिंग की वजह, कथित साजिश और अन्य संदिग्धों की भूमिका से जुड़े पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved