
एक युवक घायल, पूर्व सैन्यकर्मी और उसका बेटा हिरासत में…..
इंदौर. एमआईजी थाना (MIG Police Station) क्षेत्र की कृष्णा बाग कॉलोनी में गरबा (Garba) आयोजन के दौरान रास्ते से निकलने को लेकर शुरू हुआ विवाद गोलीबारी (Firing) तक पहुंच गया। आरोप है कि विवाद की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे एक पूर्व सैन्यकर्मी ने अपनी लाइसेंसी रिवॉल्वर (licensed revolver) से दो से तीन राउंड फायर किए, जिसमें एक युवक घायल हो गया। घटना के बाद पुलिस ने पूर्व सैन्यकर्मी नीरज राणा और उसके बेटे सहित दो लोगों को हिरासत में लिया है। पुलिस ने फायरिंग में इस्तेमाल की गई रिवॉल्वर भी जब्त कर ली है। मामले में पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है…
इंदौर के एमआईजी थाना क्षेत्र की कृष्णा बाग कॉलोनी में गरबा आयोजन के दौरान हुए विवाद में फायरिंग की घटना सामने आई है। बताया जा रहा है कि कॉलोनी के मंदिर परिसर में गरबा चल रहा था। इस दौरान बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे, जिनमें महिलाएं और बच्चियां भी शामिल थीं।
इसी बीच कॉलोनी में रहने वाला एक युवक स्कूटी लेकर वहां से निकलने लगा। रास्ते से निकलने की बात को लेकर उसकी वहां मौजूद कुछ लोगों से कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और मामला मारपीट तक पहुंच गया। इसके बाद युवक ने अपने पिता नीरज राणा को इसकी जानकारी दी जानकारी के मुताबिक, नीरज राणा सेना से सेवानिवृत्त हैं और वर्तमान में एसबीआई में सुरक्षा गार्ड के रूप में कार्यरत हैं। विवाद की सूचना मिलने के बाद वे मौके पर पहुंचे। आरोप है कि इस दौरान उन्होंने अपनी लाइसेंसी रिवॉल्वर से दो से तीन राउंड फायरिंग कर दी। फायरिंग में एक युवक को गोली लग गई, जिससे वह घायल हो गया। घटना के बाद घायल युवक को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है। फायरिंग की सूचना मिलते ही एमआईजी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए नीरज राणा और उसके बेटे सहित दो लोगों को हिरासत में लिया है। साथ ही, वारदात में इस्तेमाल की गई लाइसेंसी रिवॉल्वर भी जब्त कर ली गई है। पुलिस के मुताबिक, मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 109 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। फिलहाल पुलिस विवाद की वजह, फायरिंग की परिस्थितियों और घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।
अमरेंद्र सिंह,एडिशनल डीसीपी
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved