देहरादून। उत्तराखंड में एक सांस्कृतिक कार्यक्रम (Cultural programme) के दौरान पंजाबी गायक दलेर मेहंदी (Daler Mehndi) की प्रस्तुति को लेकर विवाद गहरा गया है। मंच पर गायक के गाने के तरीके पर नाराजगी जताते हुए उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने उन्हें फटकार लगाई थी। मंत्री ने आरोप लगाया था कि दलेर मेहंदी नशे की हालत में हैं और ठीक से बोल भी नहीं पा रहे हैं। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है। अब इस मामले में पंजाबी गायक मीका सिंह ने दलेर मेहंदी का समर्थन करते हुए मंत्री सुबोध उनियाल से संपर्क किया है। वहीं, कॉमेडियन कपिल शर्मा और गायक बादशाह ने भी दलेर मेहंदी के पक्ष में अपनी प्रतिक्रिया दी है।
‘तुनक तुनक तुन’, ‘बोलो ता रा’ और ‘हो जाएगी बल्ले बल्ले’ जैसे लोकप्रिय गानों के लिए मशहूर दलेर मेहंदी रविवार रात नई टिहरी में ऐतिहासिक सिद्धपीठ मां कुंजापुरी पर्यटन एवं विकास मेले में प्रस्तुति दे रहे थे। इसी दौरान मंच पर उनके गाने को लेकर विवाद शुरू हो गया। आरोप लगाया गया कि गायक मूल गाने के बजाय डबिंग की तरह केवल होंठ हिला रहे थे और पूरा गाना नहीं गा पा रहे थे। कार्यक्रम में मौजूद कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने मंच पर पहुंचकर इस पर नाराजगी जताई और गायक के नशे में होने का आरोप लगाया।
मीका सिंह ने मंत्री सुबोध उनियाल से किया संपर्क
मंत्री सुबोध उनियाल का दलेर मेहंदी को मंच पर फटकार लगाने वाला वीडियो सोमवार रात से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद यह मामला चर्चा में आ गया। इसके बाद पंजाबी गायक मीका सिंह ने मंगलवार को मंत्री सुबोध उनियाल से संपर्क किया। सूत्रों के मुताबिक, बातचीत के दौरान मंच पर हुई घटना को लेकर चर्चा हुई। इस दौरान मंत्री ने मीका सिंह को भी मंच की मर्यादा का पालन करने की जरूरत बताई।
मीका बोले- शराब पीने का सबूत मिले तो गाना छोड़ दूंगा
मीका सिंह ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो साझा कर अपने बड़े भाई दलेर मेहंदी का बचाव किया। उन्होंने कहा कि यदि कोई यह साबित कर दे कि 59 वर्षीय दलेर मेहंदी ने कभी शराब पी है, तो वह गाना छोड़ देंगे।
मीका ने कहा, “मैंने अपने बड़े भाई दलेर मेहंदी के बारे में खबर देखी। आप लोग फैला रहे हैं कि दलेर मेहंदी गाते समय नशे में थे और गा नहीं पा रहे थे।”
उन्होंने आगे कहा कि लोगों को पहले यह बताना चाहिए कि क्या उन्होंने कभी दलेर मेहंदी के हाथ में शराब का गिलास देखा है या उनकी जन्मदिन की पार्टियों में शराब का दौर चलते देखा है। मीका ने स्पष्ट किया कि वह अपने बारे में नहीं, बल्कि दलेर मेहंदी के बारे में बात कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि उनके बारे में लोग कुछ भी कह सकते हैं, लेकिन उनके बड़े भाई के बारे में इस तरह की बातें नहीं कही जानी चाहिए।
मीका के मुताबिक, यदि दलेर मेहंदी उस दौरान ठीक से नहीं गा पा रहे थे, तो संभव है कि उनकी तबीयत ठीक नहीं रही हो।
कपिल शर्मा और बादशाह ने भी जताई नाराजगी
इस विवाद में कॉमेडियन कपिल शर्मा और गायक बादशाह ने भी दलेर मेहंदी का समर्थन किया है। कपिल शर्मा ने इंस्टाग्राम पर मीका सिंह की पोस्ट साझा की। वहीं, बादशाह ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक नोट लिखकर किसी कलाकार को सबके सामने अपमानित किए जाने पर दुख जताया।
दलेर मेहंदी की प्रस्तुति को लेकर शुरू हुआ यह विवाद अब सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है। जहां मंत्री के मंच पर नाराजगी जताने का वीडियो वायरल हो रहा है, वहीं कई कलाकारों ने गायक के सम्मान और उनके समर्थन में अपनी बात रखी है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved