मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर (Muzaffarnagar) में सोमवार शाम बाइक सवार युवक की शर्ट की जेब में रखा मोबाइल फोन अचानक धमाके (Mobile phones exploding suddenly) के साथ फट गया। इससे युवक बाइक पर नियंत्रण खो बैठा और सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे जिला अस्पताल से निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना से परिवार में कोहराम मच गया।
भोपा थाना क्षेत्र के गांव रहमतपुर निवासी विकास (40) पुत्र जोगेंद्र सिंह सोमवार को अपनी मां कमलेश को शाहपुर क्षेत्र के गांव नरोत्तमपुर माजरा स्थित मामा के घर छोड़ने गया था। शाम को वह बाइक से घर लौट रहा था। इसी दौरान खालापार थाना क्षेत्र के बहलना चौक पर उसकी शर्ट की जेब में रखा मोबाइल तेज धमाके के साथ फट गया। अचानक हुए विस्फोट से वह बाइक संभाल नहीं पाया और सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने विकास को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। हालत गंभीर होने पर उसे निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शव घर पहुंचने पर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
विकास खाईखेड़ी स्थित उत्तम शुगर मिल में सुपरवाइजर के पद पर कार्यरत था। उसकी अचानक मौत से गांव में शोक छा गया। जिला पंचायत प्रशासक डॉ. वीरपाल निर्वाल और बिजनौर संसदीय क्षेत्र के रालोद सांसद चंदन चौहान की पत्नी यशिका चौहान ने घर पहुंचकर शोक संतप्त परिजनों को सांत्वना दी।
विकास अपने पीछे मां कमलेश, पिता जोगेंद्र सिंह, पत्नी दीपा, छह वर्षीय बेटी दृष्टि, तीन वर्षीय बेटे रियांश और बहन सपना को छोड़ गया है।
मोबाइल फोन आज रोजमर्रा की जिंदगी का अहम हिस्सा बन चुका है। ऐसे में जेब में रखा फोन फटने से युवक की मौत की घटना ने लोगों को चिंता में डाल दिया है। विकास के घर पहुंचे लोग भी घटना को लेकर चर्चा करते रहे। हालांकि, मोबाइल फोन फटने के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। घटना ने मोबाइल फोन की सुरक्षा को लेकर भी सवाल खड़े किए हैं।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved