
धौलपुर: राजस्थान के धौलपुर के जिले के कंचनपुर थाना क्षेत्र में सिकरौदा गांव के पास तीन लोगों के शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. तीनों मृतक आपस में चाचा-भतीजे थे. मृतक चाचा की पहचान विष्णु (22) भतीजों की पहचान सनी (10) और मानव (8) के रूप में की गई है. मृतक सिकरौदा गांव के ही रहने वाले थे. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, चाचा का शव पेड़ से लटका मिला.
वहीं दोनों भतीजों के शव खेत में पाए गए. जानकारी के मुताबिक, विष्णु मंगलवार शाम अपनी मां और दोनों भतीजों सनी और मानव को लेकर बाइक से अपनी बहन के घर गया था. विष्णु की मां आकपुरा बसेड़ी में बेटी के घर रुक गई थी. विष्णु दोनों बच्चों को लेकर वापस घर के लिए निकला था. बुधवार सुबह तक वो नहीं लौटे.
इसके बाद सिकरौदा गांव के पास खेतों में उनके शव मिलने की सूचना सामने आई. जिस बाइक से तीनों लौटे थे, वह बाइक भी घटनास्थल पर मिली है. घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में हलचल मच गई. घटना के बाद स्थानीय लोगों में चर्चा का माहौल है. शुरुआत में विष्णु द्वारा ने दोनों भतीजों की हत्या करने के बाद खुद फंदा लगाकर आत्महत्या करने की आशंका जताई जा रही है.
पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है. मौत के वास्तविक कारणों और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों का खुलासा जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा. घटना की सूचना मिलने पर कंचनपुर थाना प्रभारी हरेंद्र सिंह और सीओ ग्रामीण मनोहर लाल मीणा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस की टीम ने सबूत जुटाए FSL टीम को भी बुलाया गया. पुलिस घटना के कारणों की जांच कर रही है.
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved