
इंदौर। इंदौर की चंदन नगर थाना पुलिस ने सिंहासा आईटी पार्क के पास घेराबंदी कर एक आरोपी को धरदबोचा, जिसके कब्जे से अवैध मादक पदार्थ ब्राउन शुगर और परिवहन में इस्तेमाल होने वाली मोटरसाइकिल बरामद की गई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया है और उसके पूरे सिंडिकेट को खंगालने में जुट गई है।
चंदन नगर थाना पुलिस क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों और अपराधियों की धरपकड़ के लिए लगातार चेकिंग अभियान चला रही है। इसी दौरान पुलिस टीम को मुखबिर से गश्त के वक्त सूचना मिली कि आईटी पार्क सिंहासा के पास खदान क्षेत्र में एक संदिग्ध युवक मोटरसाइकिल पर अवैध मादक पदार्थ लेकर घूम रहा है। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने बताए गए स्थान पर घेराबंदी की और मोटरसाइकिल पर सवार संदिग्ध युवक विकास चौधरी पिता देवीलाल चौधरी, निवासी पंचमूर्ति नगर को रोककर उसकी विधि सम्मत तलाशी ली।
तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 8.93 ग्राम अवैध मादक पदार्थ ब्राउन शुगर बरामद हुई, जिसकी अंतरराष्ट्रीय और स्थानीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 90,000/- रुपये आंकी गई है। पुलिस ने ब्राउन शुगर के साथ-साथ तस्करी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल क्रमांक MP09VL7537 को भी अपने कब्जे में ले लिया है। चंदन नगर थाने पर आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया गया है।
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर उसका पुलिस रिमांड प्राप्त किया है। पूछताछ में पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि वह यह ब्राउन शुगर किससे खरीद कर लाता था और इंदौर में किसे-किसे सप्लाई करने वाला था। पुलिस की स्पेशल टीम ‘फॉरवर्ड लिंक’ और बैकवर्ड ट्रेसिंग के जरिए इस अवैध नशे के नेटवर्क के मुख्य सप्लायरों और अन्य संलिप्त आरोपियों तक पहुंचने के लिए गहराई से तफ्तीश कर रही है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved