
नई दिल्ली: लाल सागर में भारतीय नागरिकों को ले जा रही एक नाव पर सऊदी अरब की एयरस्ट्राइक का दावा सामने आया है. यमन के हूती विद्रोहियों ने गुरुवार को कहा कि जुकर द्वीप के पास एक नाव को निशाना बनाया गया, जिस पर 14 भारतीय नागरिक सवार थे. हूतियों के सैन्य प्रवक्ता ब्रिगेडियर जनरल याह्या सरी ने बताया कि उनकी टीम नाव पर सवार लोगों को बचाने की कोशिश कर रही है. हालांकि, इस घटना को लेकर अभी तक हूतियों की तरफ से ही जानकारी दी गई है.
हूती सैन्य प्रवक्ता याह्या सरी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट किए गए बयान में कहा कि सऊदी अरब ने लाल सागर में जुकर द्वीप के पास एक भारतीय नौका को निशाना बनाया. शुरुआती जानकारी के मुताबिक, इस नाव पर 14 भारतीय नागरिक सवार थे. उन्होंने कहा कि हूती नाव पर मौजूद लोगों को बचा रहे हैं और इस बारे में आगे की जानकारी बाद में दी जाएगी.
हूतियों ने सऊदी अरब पर लगाए आरोप
याह्या सरी ने अपने बयान में सऊदी अरब की कार्रवाई को लापरवाही भरा कदम बताया. उन्होंने आरोप लगाया कि इस तरह की कार्रवाई से लाल सागर में अंतरराष्ट्रीय जहाजों की आवाजाही को खतरा पैदा होता है. हूती प्रवक्ता ने अंतरराष्ट्रीय समुदाय से सऊदी अरब को ऐसी कार्रवाई करने से रोकने की अपील भी की.
बाब अल-मंदेब के पास हुई घटना
जिस इलाके में नाव को निशाना बनाए जाने का दावा किया गया है, वह लाल सागर में जुक़र द्वीप के पास है. यह क्षेत्र बाब अल-मंदेब जलमार्ग के नजदीक पड़ता है. बाब अल-मंदेब लाल सागर को अदन की खाड़ी और आगे हिंद महासागर से जोड़ने वाला अहम समुद्री रास्ता है. इस रास्ते से अंतरराष्ट्रीय व्यापारिक जहाजों की आवाजाही होती है. फिलहाल नाव पर सवार 14 भारतीयों की स्थिति और उन्हें बचाने के अभियान के नतीजे को लेकर ज्यादा जानकारी सामने नहीं आई है. सऊदी अरब की तरफ से इस कथित हमले पर कोई प्रतिक्रिया भी नहीं आई है.
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved