
इंदौर। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती यानी ‘राष्ट्रीय एकता दिवस’ के उपलक्ष्य में देश भर में एकता और नशामुक्ति का संदेश देती एक राष्ट्रीय बाइक रैली निकाली जा रही है। भोपाल से रवाना हुई यह रैली 14 राज्यों का सफर तय करते हुए गुजरात के केवड़िया स्टैचू Of यूनिटी की ओर बढ़ रही है। इसी कड़ी में यह बाइक रैली इंदौर पहुँची, जहाँ पुलिस और नागरिकों ने इसका भव्य स्वागत किया और पुलिस कमिश्नर ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
देश को जोड़ने और युवाओं को नशे की कुरीति से दूर रखने के संकल्प के साथ एक विशाल राष्ट्रीय बाइक रैली का आयोजन किया जा रहा है। यह रैली भोपाल से प्रारंभ होकर एकता नगर यानी गुजरात के केवड़िया स्थित ‘स्टैचू ऑफ यूनिटी’ की ओर प्रस्थान कर रही है, जहाँ 31 अक्टूबर को राष्ट्रीय एकता दिवस का मुख्य समारोह आयोजित होगा। पुलिस अधिकारियों से मिली जानकारी के अनुसार, इस बाइक रैली में मध्य प्रदेश सहित कुल 14 राज्यों की विशेष टीमें पूरी ऊर्जा के साथ हिस्सा ले रही हैं।
रैली के माध्यम से बाइक राइडर्स देश के कोने-कोने में ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत, स्वस्थ भारत’ के विजन का प्रचार कर रहे हैं। साथ ही, वर्ष 2029 तक ‘ड्रग्स फ्री भारत’ के राष्ट्रीय संकल्प को जन-जन तक पहुँचाकर युवाओं को जागरूक करने का बीड़ा उठाया गया है।इसी क्रम में यह राष्ट्रीय बाइक रैली बीते 22 तारीख की शाम को इंदौर शहर पहुँची। इंदौर पहुँचने पर शहरवासियों और पुलिस प्रशासन द्वारा इस बाइक रैली का बेहद गर्मजोशी के साथ स्वागत किया गया। अगले दिन इंदौर पुलिस और स्थानीय नागरिकों के सहयोग से कई जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिसमें युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति सचेत किया गया। विभिन्न पड़ावों का सफर तय करने के बाद यह रैली इंदौर से अपने अगले गंतव्य के लिए रवाना हो गई। इंदौर पुलिस कमिश्नर संतोष सिंह ने रैली में शामिल देश के विभिन्न राज्यों से आए सभी राइडर्स को उनके इस सराहनीय प्रयास, साहस और राष्ट्रीय संकल्प के लिए अपनी ओर से ढेरों शुभकामनाएं दी हैं। पुलिस कमिश्नर ने इस अवसर पर स्पष्ट किया कि इंदौर पुलिस नशामुक्ति, सुरक्षा और सामाजिक सरोकार से जुड़े प्रत्येक विषय पर पूरी मुस्तैदी और प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है, और इस तरह के अभियानों को हमेशा शहर में पूरा समर्थन दिया जाएगा।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved