
गोरखपुर: उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में भारतीय जनता पार्टी ने लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ पदयात्रा के जरिए कांग्रेस और विपक्षी गठबंधन के खिलाफ सियासी मोर्चा खोला. बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन की अगुवाई में निकली इस पदयात्रा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, NDA के सहयोगी दलों के नेता, सांसद, विधायक और पार्टी पदाधिकारी शामिल हुए.
महाराणा प्रताप इंटर कॉलेज से शुरू हुई पदयात्रा कचहरी चौराहा, इंदिरा बाल विहार तिराहा और गोलघर काली मंदिर होते हुए सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा तक पहुंची. रास्ते में 18 जगहों पर पदयात्रा का फूलों से स्वागत किया गया. इस दौरान नितिन नबीन ने राहुल गांधी और कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि देश में लोकतंत्र की ताकत इतनी है कि तथाकथित युवराज आते-जाते रहेंगे, लेकिन देश पर राज देश का पुत्र नरेंद्र मोदी ही करेगा.
पदयात्रा के दौरान बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने विपक्षी दलों पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि देशभर में बीजेपी और NDA की ओर से निकाली जा रही पदयात्राओं के जरिए जनता लोकतंत्र को बचाने के लिए सड़कों पर उतर रही है. नितिन नबीन ने दावा किया कि इससे विपक्ष के नेताओं के हाथ-पैर फूल रहे हैं. उन्होंने कहा, ‘देशभर में हमारी जो ये पदयात्रा हो रही है, इसके माध्यम से लोकतंत्र को बचाने के लिए जनता भी पूरी तरह से सड़कों पर नजर आ रही है. इससे विपक्ष के साथियों के हाथ-पैर फूल रहे हैं.’
बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने दिल्ली के रामलीला मैदान में विपक्ष की ओर से आयोजित कार्यक्रम का जिक्र करते हुए कहा कि वहां पूरी ताकत लगाने के बावजूद विपक्ष जितनी भीड़ जुटाने का दावा कर रहा था, उसका 10 प्रतिशत भी नहीं जुटा पाया. इसके मुकाबले बीजेपी अपने NDA सहयोगी दलों के साथ हर जिले और हर कस्बे में उससे बड़ी यात्रा निकाल रही है. उन्होंने इसे NDA की ताकत और जनता का भरोसा बताया. नितिन नबीन ने कहा कि देशभर में निकल रही पदयात्राएं जनता के विश्वास को दिखाती हैं.
बीजेपी अध्यक्ष नितिन नबीन ने अपने संबोधन में राहुल गांधी पर भी सीधा हमला बोला. उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने देश की जनता को भरमाने का बहुत प्रयास किया, लेकिन यह नया भारत है और नई सोच का भारत है. उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व का जिक्र करते हुए कहा कि 140 करोड़ देशवासी उन्हें अपना प्रधान सेवक और चौकीदार मानते हैं.
नितिन नबीन ने कहा, ‘आपने (राहुल गांधी) इस देश की जनता को भरमाने का बहुत प्रयास किया है, लेकिन ये नया भारत है, नई सोच का भारत है, नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में चलने वाला भारत है… 140 करोड़ देशवासी श्री नरेंद्र मोदी को अपना प्रधान सेवक भी मानते हैं और अपना चौकीदार भी मानते हैं.’ उन्होंने आगे कहा कि जनता को विश्वास है कि उनके घर, परिवार और देश की रक्षा केवल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ही कर सकते हैं.
नितिन नबीन ने राहुल गांधी और नेहरू-गांधी परिवार पर निशाना साधते हुए कहा कि भारतीय लोकतंत्र में इतनी ताकत है कि तथाकथित युवराज आते-जाते रहेंगे. उन्होंने कहा कि देश की मिट्टी पर राज देश का पुत्र नरेंद्र मोदी ही करेगा. नितिन नबीन ने कहा, ‘मैं आज स्पष्ट रूप से कहना चाहता हूं कि राहुल गांधी जी इस देश के लोकतंत्र में इतनी ताकत है कि आप जैसे जितने भी तथाकथित युवराज आएंगे, चले जाएंगे… इस देश की मिट्टी में अगर कोई राज करेगा तो देश का पुत्र नरेंद्र मोदी ही करेगा.’
नितिन नबीन ने इसके पीछे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को देश की 140 करोड़ जनता का भरोसा और विश्वास मिलने की बात कही. नितिन नबीन ने कहा कि नरेंद्र मोदी ने काम किया है और पुरुषार्थ किया है. इससे पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के संबोधन का जिक्र करते हुए नितिन नबीन ने दो तथाकथित युवराजों के कारनामों पर भी टिप्पणी की. उन्होंने कहा कि उनके कारनामे ऐसे हैं, जिन्हें लंबे समय तक उत्तर प्रदेश और देश की जनता याद रखेगी.
बीजेपी अध्यक्ष नितिन नबीन ने कांग्रेस पर लोकतंत्र का सम्मान नहीं करने का आरोप लगाते हुए इंदिरा गांधी के चुनाव से जुड़े पुराने मामले का जिक्र किया. उन्होंने कहा कि इसी उत्तर प्रदेश में इलाहाबाद हाईकोर्ट ने इंदिरा गांधी के चुनाव को अवैध घोषित किया था. नितिन नबीन ने आरोप लगाया कि अदालत ने चुनाव में निर्वाचन आयोग और सरकार की मशीनरी के दुरुपयोग की बात कही थी. उन्होंने कहा कि अदालत के उस फैसले को बदलने का काम भी कांग्रेस ने किया था.
नितिन नबीन ने कांग्रेस के इतिहास में आपातकाल का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि आज वही कांग्रेस लोकतंत्र की बात कर रही है, जिसका इतिहास देश में आपातकाल लगाने का रहा है. उन्होंने राहुल गांधी और कांग्रेस से 1975 के आपातकाल के लिए देश की जनता से माफी मांगने का सवाल उठाया.
नितिन नबीन ने अपने भाषण में नेहरू-गांधी परिवार पर संविधान और संविधान निर्माता डॉ. भीमराव आंबेडकर का अपमान करने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि इस परिवार ने कभी देश के संविधान का सम्मान नहीं किया. बीजेपी अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि इसी परिवार ने बाबा साहेब आंबेडकर को चुनाव हराने के लिए पूरी ताकत लगाई और उन्हें अपमानित करने का काम किया.
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved