
नई दिल्ली । भारत और पाकिस्तान (India and Pakistan)के बीच क्रिकेट मुकाबला(cricket match) हो और मैदान पर रोमांच देखने को न मिले ऐसा कम ही होता है। एसीसी मेन्स अंडर-19 एशिया कप 2026 (ACC Men’s Under-19 Asia Cup 2026)में भी दोनों टीमों के बीच ऐसा ही जबरदस्त मुकाबला देखने को मिला। रविवार 8 नवंबर को खेले गए इस मैच में पाकिस्तान ने भारत को तीन विकेट से हराकर टूर्नामेंट में लगातार दूसरी जीत दर्ज की। पाकिस्तान की इस जीत के सबसे बड़े हीरो विकेटकीपर बल्लेबाज हमजा जहूर रहे। उन्होंने मुश्किल हालात में नाबाद शतक लगाकर अपनी टीम को जीत की दहलीज तक पहुंचाया। हालांकि हमजा अपनी बल्लेबाजी के साथ-साथ जीत के बाद किए गए अनोखे जश्न को लेकर भी चर्चा में आ गए। शतक पूरा करने और टीम को जीत दिलाने के बाद उन्होंने अपनी जेब से एक पर्चा निकाला और कैमरे के सामने दिखा दिया। उनका यह अंदाज सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
अल अमेरात के अल अमेरात क्रिकेट ग्राउंड पर खेले गए इस मुकाबले में भारतीय टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया था। भारत की ओर से अर्जुन राजपूत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 107 रनों की बेहतरीन पारी खेली। उनकी इस शतकीय पारी की बदौलत भारतीय टीम ने निर्धारित ओवरों में 208 रन बनाए। भारतीय बल्लेबाजों ने पाकिस्तान के सामने चुनौतीपूर्ण लक्ष्य रखा था और टीम को उम्मीद थी कि गेंदबाज इस स्कोर का बचाव कर लेंगे।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तानी टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही। भारतीय गेंदबाजों ने शुरुआत से ही दबाव बनाया और महज 61 रन के स्कोर तक पाकिस्तान के पांच बल्लेबाजों को पवेलियन भेज दिया। एक समय ऐसा लग रहा था कि भारतीय टीम आसानी से मुकाबला अपने नाम कर लेगी। लेकिन इसके बाद हमजा जहूर ने मोर्चा संभाला और मैच का रुख बदल दिया। उन्होंने हसनैन अब्बास डार के साथ मिलकर अहम साझेदारी की। दोनों बल्लेबाजों के बीच 107 रनों की साझेदारी हुई जिसने पाकिस्तान को मुकाबले में दोबारा मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया।
हमजा जहूर ने अपनी पारी के दौरान 10 चौके और तीन छक्के लगाए। उन्होंने परिस्थितियों को समझते हुए बल्लेबाजी की और खराब गेंदों को सीमा रेखा के पार पहुंचाने में कोई गलती नहीं की। दबाव के बावजूद उन्होंने बड़े शॉट खेलने का सही समय चुना और निचले क्रम के बल्लेबाजों के साथ मिलकर टीम को लक्ष्य के करीब पहुंचाया। आखिरकार उन्होंने चौका लगाकर अपना शतक पूरा किया और पाकिस्तान को 11 गेंद शेष रहते तीन विकेट से जीत दिला दी।
जीत के बाद हमजा का जश्न भी उतना ही खास रहा। पहले वह अपने साथियों के साथ खुशी मनाते हुए बाउंड्री की ओर दौड़े। इसके बाद उन्होंने अपनी जेब से एक पर्चा निकाला और कैमरों के सामने लहराया। उस पर्चे पर लिखा था कि कल का मैच 50 इंशाअल्लाह। हमजा जहूर। मैं बेस्ट हूं। उनके इस संदेश ने मैदान पर मौजूद लोगों का ध्यान खींच लिया और देखते ही देखते यह जश्न चर्चा का विषय बन गया।
मैच के बाद हमजा ने अपनी पारी को लेकर बताया कि डगआउट से उन्हें अंत तक बल्लेबाजी करने का संदेश मिला था। उनके दिमाग में यही बात थी कि वह आखिरी तक क्रीज पर टिके रहें और टीम को जीत दिलाएं। पाकिस्तानी कप्तान फरहान यूसुफ ने भी उनकी जमकर तारीफ की। कप्तान ने कहा कि उन्हें हमजा की क्षमता पर पूरा भरोसा था और उनका प्रदर्शन उनके लिए हैरान करने वाला नहीं था। उन्होंने दबाव में हालात को समझकर खेलने की हमजा की क्षमता को खास बताया।
इस जीत के साथ पाकिस्तान ने टूर्नामेंट में लगातार दूसरी सफलता हासिल की है। अब पाकिस्तानी टीम 10 नवंबर को नेपाल के खिलाफ मैदान पर उतरेगी। वहीं भारतीय टीम का अगला मुकाबला उसी दिन संयुक्त अरब अमीरात यानी यूएई से होगा। भारत के लिए इस हार से उबरकर अगले मैच में मजबूत वापसी करना जरूरी होगा।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved