
अलीगढ़: उत्तर प्रदेश सरकार (Government of Uttar Pradesh) के बेसिक शिक्षा राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार संदीप सिंह और उनके छोटे भाई सौरभ सिंह वर्मा का तिलक एवं सगाई समारोह शनिवार (14 नवंबर) को अलीगढ़ के तालानगरी में आयोजित होने जा रहा है. पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के दोनों पौत्रों की एक साथ होने वाली इस सगाई के लिए सेंट फिदेलिस स्कूल के पास करीब 100 बीघा मैदान में राजस्थानी शैली का भव्य पंडाल तैयार किया गया है. संदीप सिंह अपनी स्कूल की दोस्त मेघना चौधरी और सौरभ सिंह अंतरा त्यागी से सगाई करेंगे. इस शाही आयोजन में करीब एक लाख मेहमानों और कई दिग्गज नेताओं के शामिल होने की तैयारी है.
थाईलैंड और नीदरलैंड के विदेशी फूलों से सजेगा पंडाल
इस भव्य आयोजन स्थल को सजाने के लिए विदेश से खास फूल मंगाए गए हैं. राजस्थानी शैली में तैयार किए गए विशाल पंडाल की सजावट थाईलैंड के ऑर्किड और नीदरलैंड के ट्यूलिप जैसे फूलों से की जा रही है. समारोह के लिए तीन अलग-अलग प्रकार के निमंत्रण कार्ड भी बनवाए गए हैं. अनुमानित 80 हजार से एक लाख मेहमानों की दावत के लिए सात किचन और दो विशाल पंडाल बनाए गए हैं, जहां 50 से 60 तरह के व्यंजन परोसे जाएंगे. वीवीआईपी, वीआईपी और सामान्य अतिथियों के लिए प्रवेश, पार्किंग और भोजन की अलग-अलग व्यवस्था रखी गई है.
सीएम योगी समेत दिग्गजों का जमावड़ा, तीन हेलीपैड तैयार
इस हाई-प्रोफाइल समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, केंद्रीय मंत्रियों और प्रदेश के कई बड़े राजनीतिक चेहरों के पहुंचने की संभावना है. वीवीआईपी मूवमेंट को देखते हुए मौके पर तीन हेलीपैड बनाए गए हैं और सुरक्षा के लिए सैकड़ों पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है. वहीं, यातायात को सुचारू रखने के लिए रूट डायवर्जन लागू किया गया है. साथ ही, स्थानीय प्रशासन ने आयोजन स्थल के आसपास स्थित कुछ स्कूलों में 14 नवंबर को छुट्टी रखने का निर्णय लिया है.
दिल्ली के जेएलएन स्टेडियम में होगी शादी और रिसेप्शन
अलीगढ़ में सगाई के बाद शादी के मुख्य कार्यक्रम देश की राजधानी दिल्ली में आयोजित होंगे. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत कई शीर्ष नेताओं को भी शादी का निमंत्रण भेजा गया है. 26 नवंबर को दिल्ली के द लीला होटल के ग्रैंड बॉलरूम में लंच और सेहराबंदी की रस्म होगी. इसके बाद बरात जवाहरलाल नेहरू (JLN) स्टेडियम के गेट नंबर एक पर पहुंचेगी, जहां क्रिकेट ग्राउंड में जयमाला और फेरे संपन्न होंगे. अगले दिन 27 नवंबर 2026 को नई दिल्ली के द जोरा जेएलएन स्टेडियम में भव्य रिसेप्शन आयोजित किया जाएगा.
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved