img-fluid

आसियान-भारत शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने PM मोदी आज से दो दिवसीय फिलीपींस दौरे पर, जानें किन मुद्दों पर रहेगा जोर

November 16, 2026

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री (PM) नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) सोमवार को फिलीपींस (Philippines) की यात्रा पर जाएंगे। इस दौरान वे 23वें आसियान-भारत शिखर सम्मेलन (ASEAN-India Summit) और आसियान के नेतृत्व वाले 21वें पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगे। विदेश मंत्रालय के अनुसार, भारत-आसियान संबंध देश की ‘एक्ट ईस्ट पॉलिसी’ और हिंद-प्रशांत क्षेत्र के लिए भारत के दृष्टिकोण का प्रमुख आधार हैं। इस यात्रा से दोनों पक्षों के बीच रणनीतिक और कूटनीतिक संबंधों को और मजबूती मिलने की उम्मीद है।

2026 में समुद्री सहयोग पर विशेष जोर
भारत और आसियान वर्ष 2026 को ‘आसियान-भारत समुद्री सहयोग वर्ष’ के रूप में मना रहे हैं। वहीं, 2027 में दोनों पक्षों के बीच संवाद संबंधों के 35 वर्ष और व्यापक रणनीतिक साझेदारी के पांच वर्ष पूरे होंगे। शिखर सम्मेलन में दोनों पक्ष अपनी व्यापक रणनीतिक साझेदारी की प्रगति की समीक्षा करेंगे। साथ ही, आसियान-भारत कार्य योजना 2026-2030 के क्रियान्वयन और भविष्य में सहयोग की संभावनाओं पर भी चर्चा होगी।


  • राष्ट्रपति मार्कोस देंगे रात्रिभोज, कई नेताओं से होगी मुलाकात
    मनीला में प्रधानमंत्री मोदी के कार्यक्रम की शुरुआत फिलीपींस के राष्ट्रपति फर्डिनेंड मार्कोस जूनियर की ओर से आयोजित रात्रिभोज से होगी। इसके अगले दिन आसियान-भारत शिखर सम्मेलन और पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन आयोजित होंगे। इस दौरान प्रधानमंत्री विभिन्न देशों के नेताओं के साथ द्विपक्षीय बैठकें भी करेंगे। इन मुलाकातों में आपसी संबंधों, क्षेत्रीय सहयोग और साझा हितों से जुड़े मुद्दों पर बातचीत होने की संभावना है।

    122 अरब डॉलर का है भारत-आसियान व्यापार
    विदेश मंत्रालय में सचिव (पूर्व) रुद्रेंद्र टंडन ने विशेष मीडिया ब्रीफिंग में बताया कि आसियान भारत के प्रमुख व्यापारिक साझेदारों में शामिल है। पूरे आसियान क्षेत्र के साथ भारत का व्यापार लगभग 122 अरब डॉलर का है। उन्होंने कहा कि हिंद महासागर से जुड़े देश के रूप में भारत के लिए दक्षिण-पूर्व एशियाई देशों के साथ मजबूत रणनीतिक संबंध बेहद महत्वपूर्ण हैं। ऐसे संबंध तेजी से बदलते भू-राजनीतिक हालात का सामना करने और पूरे एशिया में शांति एवं स्थिरता बनाए रखने में मददगार साबित होंगे।

    इस साल आसियान शिखर सम्मेलन और उससे जुड़ी प्रक्रियाओं की थीम ‘नेविगेटिंग द फ्यूचर’ यानी भविष्य की राह तय करना है। टंडन के मुताबिक, पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन आसियान के नेतृत्व में आठ नेताओं का एक विशिष्ट मंच है, जहां क्षेत्रीय और वैश्विक सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर चर्चा होती है। इस वर्ष फिलीपींस इसकी अध्यक्षता कर रहा है। सम्मेलन में नेता बदलते वैश्विक और क्षेत्रीय हालात के बीच आपसी सहयोग बढ़ाने, चुनौतियों से निपटने और एशिया में स्थिरता सुनिश्चित करने के उपायों पर विचार करेंगे।

    Share:

  • सम्बंधित ख़बरें
    लेटेस्ट
    खरी-खरी
    का राशिफल
    जीवनशैली
    मनोरंजन
    अभी-अभी
  • Archives

  • ©2026 Agnibaan , All Rights Reserved