img-fluid

देश के बड़े कारोबारी परिवार में संपत्ति को लेकर विवाद, बेटी ने पिता को भेजा कानूनी नोटिस, भाई के बराबर हिस्से की मांग

November 17, 2026

नई दिल्ली। देश के प्रमुख कारोबारी घरानों में शामिल TVS परिवार में संपत्ति के बंटवारे को लेकर विवाद सामने आया है। ग्रुप के प्रमुख वेणु श्रीनिवासन (Venu Srinivasan) की बेटी डॉ. लक्ष्मी वेणु (Dr. Lakshmi Venu) ने अपने पिता को कानूनी नोटिस भेजकर पारिवारिक संपत्तियों में भाई सुदर्शन वेणु के बराबर हिस्सेदारी की मांग की है। लक्ष्मी का आरोप है कि परिवार की संपत्तियों में उनके भाई को ज्यादा लाभ दिया गया, जबकि उन्हें उनके कानूनी अधिकार के अनुरूप हिस्सा नहीं मिला।

एक रिपोर्ट के मुताबिक, लक्ष्मी ने पारिवारिक संपत्तियों के निष्पक्ष और कानूनी बंटवारे की मांग की है। इस मामले में उनकी मां और TVS ग्रुप के चेयरमैन एमेरिटस वेणु श्रीनिवासन की पत्नी मल्लिका श्रीनिवासन भी बेटी के पक्ष में खड़ी हैं। मल्लिका देश की प्रमुख कारोबारी महिलाओं में शामिल हैं और फिलहाल ट्रैक्टर्स एंड फार्म इक्विपमेंट लिमिटेड (TAFE) की अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक हैं। उनके नेतृत्व में TAFE दुनिया के बड़े ट्रैक्टर निर्माताओं में शामिल हुई है।

हिंदू उत्तराधिकार कानून के तहत बराबर हिस्से की मांग
डॉ. लक्ष्मी वेणु ने अपनी मांग के समर्थन में हिंदू उत्तराधिकार अधिनियम, 1956 में वर्ष 2005 में किए गए संशोधन का हवाला दिया है। खास तौर पर अधिनियम की धारा 6 के तहत संयुक्त हिंदू परिवार की पैतृक संपत्ति में बेटियों को भी बेटों के समान अधिकार दिए गए हैं।

लक्ष्मी का कहना है कि उन्हें भी अपने भाई के बराबर पारिवारिक संपत्ति में हिस्सा मिलना चाहिए। पिता को भेजे गए कानूनी नोटिस में उन्होंने VS ट्रस्ट और अन्य होल्डिंग ढांचों के माध्यम से रखी गई संपत्तियों के बंटवारे की मांग की है। इसमें 2020 के TVS पारिवारिक समझौते के तहत वेणु श्रीनिवासन की शाखा को मिली संपत्तियां और कंपनियों में हिस्सेदारी भी शामिल हैं।

TVS मोटर समेत कई कंपनियों की संपत्तियों पर दावा
लक्ष्मी की मांग में TVS Holdings, TVS Motor Company, TVS Credit Services और Sundaram-Clayton जैसी कंपनियों से जुड़ी पारिवारिक संपत्तियां शामिल हैं। उनका तर्क है कि वर्ष 2020 में TVS परिवार की चार शाखाओं के बीच हुए समझौते में उनके और भाई सुदर्शन के बीच संपत्ति का अलग से बंटवारा नहीं किया गया था। उनके मुताबिक, दोनों के बीच हिस्सेदारी तय करने की प्रक्रिया न तो शुरू हुई और न ही पूरी की गई।


  • लक्ष्मी ने यह भी सवाल उठाया है कि परिवार के किसी सदस्य को कारोबार चलाने की जिम्मेदारी मिलने का अर्थ यह नहीं है कि उस व्यवसाय पर उसका अकेले मालिकाना हक हो जाए। उनका कहना है कि प्रबंधन की जिम्मेदारी के आधार पर परिवार के दूसरे सदस्यों के कानूनी अधिकार समाप्त नहीं किए जा सकते। उन्होंने आरोप लगाया है कि पारिवारिक संपत्तियों में सुदर्शन का लाभकारी हित (Beneficial Interest) अधिक रखा गया और उनके अधिकारों की अनदेखी हुई।

    2024 के समझौते को लेकर दोनों पक्षों में मतभेद
    विवाद की एक अहम वजह 21 मार्च 2024 को परिवार के सदस्यों के बीच हुआ मेमोरेंडम ऑफ अंडरस्टैंडिंग (MoU) भी है। इस पर वेणु श्रीनिवासन, मल्लिका श्रीनिवासन और उनके दोनों बच्चों ने हस्ताक्षर किए थे।

    वेणु श्रीनिवासन और सुदर्शन के पक्ष का मानना है कि इस समझौते के जरिए संपत्तियों का बंटवारा तय हो गया था। इसके तहत लक्ष्मी को सुंदरम-क्लेटन और सुदर्शन को TVS मोटर का हिस्सा मिला। वहीं, लक्ष्मी और मल्लिका का पक्ष इससे सहमत नहीं है। उनका कहना है कि यह समझौता मुख्य रूप से ब्रांड के इस्तेमाल और एक-दूसरे के कारोबार में प्रतिस्पर्धा नहीं करने (Non-Compete) जैसी शर्तों से संबंधित था। इसमें पारिवारिक संपत्तियों के मालिकाना हक का बंटवारा नहीं किया गया था।

    TVS मोटर और सुंदरम-क्लेटन की वैल्यू में बड़ा अंतर
    दोनों कंपनियों के बाजार मूल्य में भारी अंतर भी इस विवाद का महत्वपूर्ण पहलू है। TVS मोटर का मार्केट कैप करीब 1.83 लाख करोड़ रुपये बताया गया है, जबकि सुंदरम-क्लेटन का बाजार मूल्य लगभग 2,400 करोड़ रुपये है।

    अप्रैल 2025 में सुदर्शन वेणु को TVS Holdings का बेनिफिशियल ओनर बताया गया था। TVS Holdings के पास TVS मोटर की 50.26 प्रतिशत हिस्सेदारी है। लक्ष्मी के पक्ष ने इस हिस्सेदारी के हस्तांतरण को लेकर भी सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि किसी कंपनी के संचालन की जिम्मेदारी मिलने से उसके मालिकाना हक का फैसला अपने आप नहीं हो जाता।

    मां मल्लिका ने कहा- बेटा और बेटी दोनों बराबर
    इस विवाद में मल्लिका श्रीनिवासन ने बेटी लक्ष्मी की मांग का खुलकर समर्थन किया है। उनका कहना है कि पारिवारिक संपत्तियों में लक्ष्मी का वैध हिस्सा किसी भी तरह सुदर्शन के हिस्से से कम नहीं होना चाहिए।

    मल्लिका ने कहा, “एक मां के तौर पर मेरे लिए बेटा और बेटी हर लिहाज से बराबर हैं। मेरा दृढ़ विश्वास है कि पारिवारिक संपत्तियों में लक्ष्मी का वैध हिस्सा है, जो किसी भी तरह से सुदर्शन के हिस्से से कम नहीं होना चाहिए।”

    उन्होंने बताया कि परिवार के भीतर आपसी सहमति से विवाद सुलझाने की कोशिशें की गईं, लेकिन अब तक कोई ठोस नतीजा नहीं निकला है। मल्लिका ने सभी पक्षों से पारदर्शी बातचीत करने और ऐसा समाधान निकालने की अपील की है, जिससे परिवार के प्रत्येक सदस्य के हितों की रक्षा हो सके।

    फिलहाल संपत्ति के बंटवारे को लेकर परिवार के अलग-अलग सदस्यों के दावे सामने हैं। अब यह देखना होगा कि विवाद आपसी बातचीत से सुलझता है या कानूनी प्रक्रिया के जरिए आगे बढ़ता है।

    Share:

  • सम्बंधित ख़बरें
    लेटेस्ट
    खरी-खरी
    का राशिफल
    जीवनशैली
    मनोरंजन
    अभी-अभी
  • Archives

  • ©2026 Agnibaan , All Rights Reserved