img-fluid

भगवान बिरसा मुंडा ने जल, जंगल, जमीन और देश की अस्मिता के लिए दिया बलिदान : मुख्यमंत्री

November 17, 2026

  • ब्यौहारी में जनजातीय गौरव सप्ताह का राज्य स्तरीय आयोजन, मुख्यमंत्री ने 357.71 करोड़ रुपये के 82 विकास कार्यों की दी सौगात

शहडोल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि महान जननायक एवं क्रांतिकारी भगवान बिरसा मुंडा ने मात्र 25 वर्ष की आयु में अपने संघर्ष और साहस से ब्रिटिश साम्राज्य को चुनौती दी। उन्होंने जल, जंगल और जमीन के साथ देश और समाज की अस्मिता की रक्षा के लिए अपना जीवन बलिदान कर दिया। भगवान बिरसा मुंडा सहित अनेक जनजातीय महापुरुषों ने स्वतंत्रता संग्राम में महत्वपूर्ण योगदान दिया, लेकिन आजादी के बाद की सरकारों ने उनके बलिदान और योगदान को उचित सम्मान नहीं दिया। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में बिरसा मुंडा की जयंती को राष्ट्रीय जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने की परंपरा शुरू हुई और 15 नवंबर देश के लिए गौरव का दिन बन गया है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव रविवार को जनजातीय गौरव सप्ताह के अंतर्गत ब्यौहारी में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।



  • कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री राजेन्द्र शुक्ल, सीधी लोकसभा क्षेत्र के सांसद डॉ. राजेश मिश्रा, ब्यौहारी विधायक शरद कोल सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में जनजातीय समाज के लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम में देश के विभिन्न राज्यों से कोल समाज के प्रतिनिधियों ने भी सहभागिता की। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कार्यक्रम का शुभारंभ धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा का अनावरण कर किया। उन्होंने प्राचीन कोल परंपरा के अनुसार विधि-विधान से आदि पूजन भी किया। कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रगीत वंदे मातरम् एवं राष्ट्रगान के सामूहिक गायन के साथ हुई। मुख्यमंत्री ने जनजातीय गौरव सप्ताह के अंतर्गत लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन किया। प्रदर्शनी में जनजातीय समाज की समृद्ध संस्कृति, परंपराओं, जीवनशैली, वीरता और गौरवशाली इतिहास को आकर्षक ढंग से प्रदर्शित किया गया था। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने शहडोल जिले को 357.71 करोड़ रुपये लागत के 82 विकास कार्यों की सौगात दी। इनमें 8.64 करोड़ रुपये की लागत से पूर्ण हुए 10 कार्यों का लोकार्पण तथा 349.07 करोड़ रुपये की लागत के 72 विकास कार्यों का भूमिपूजन शामिल है। इन कार्यों में जनजातीय छात्रावासों में डोरमेट्री, शौचालय, स्नानगृह, सीसी रोड, विद्यालयों में अतिरिक्त कक्ष, प्रयोगशालाएं, पुस्तकालय कक्ष एवं बाउंड्रीवॉल सहित विभिन्न निर्माण कार्य शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि जिले में विकास कार्यों की योजना बनाते समय कोई भी क्षेत्र छूटना नहीं चाहिए। सरकार का उद्देश्य विकास का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के 10 हितग्राहियों को चेक एवं प्रमाण पत्र प्रदान कर लाभान्वित किया। स्वामित्व योजना के अंतर्गत संजीव गोंड, रतन गोंड एवं नन्दलाल गोंड को स्वामित्व प्रमाण पत्र दिए गए। स्वरोजगार योजना के हितग्राही जग्गू बैगा को 20 लाख रुपये की सहायता राशि का चेक प्रदान किया गया। इसी प्रकार वनाधिकार अधिनियम के तहत ग्राम नवगांव के जनकधारी सिंह एवं मनीष सिंह गोंड को सामुदायिक वन संसाधन अधिकार पत्र प्रदान किए गए। आजीविका मिशन के अंतर्गत देवा परसापारा सामुदायिक समूह की कविता कोल एवं गुडिय़ा कोल को बीपीएल योजना के तहत तीन-तीन लाख रुपये की सहायता राशि के चेक एवं प्रमाण पत्र दिए गए।

    कटनी से सिंगरौली तक बनेगी फोरलेन सड़क
    मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने क्षेत्र के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने कटनी से सिंगरौली तक फोरलेन सड़क निर्माण, ब्यौहारी विधानसभा क्षेत्र में 10 करोड़ रुपये की लागत से 18 किलोमीटर लंबी मुख्य सड़क तथा हनुमान मंदिर तक सुगम आवागमन के लिए 13 करोड़ रुपये की लागत से सड़क निर्माण की स्वीकृति देने की घोषणा की। इसके अलावा मऊ से चरखारी तक नई सड़क बनाई जाएगी। मुख्यमंत्री ने शहडोल में डिजिटल लाइब्रेरी और आधुनिक सुविधाओं से युक्त ऑडिटोरियम बनाने, संजय टाइगर रिजर्व के लिए नया प्रवेश द्वार विकसित करने तथा हाथियों के सर्वेक्षण के लिए विशेष टीम भेजने की भी घोषणा की। उन्होंने कहा कि शहडोल में नया इंडस्ट्रियल पार्क स्थापित किया जाएगा, जिसका शीघ्र भूमिपूजन होगा। इससे स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार अब तक 85 हजार पदों पर भर्ती कर चुकी है।

    जनजातीय नायकों के संघर्ष और बलिदान को किया याद
    मुख्यमंत्री ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने धर्मांतरण के विरुद्ध संघर्ष किया और जनजातीय समाज की अस्मिता एवं संस्कृति की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। ‘अपना देश, अपना राज’ का उद्घोष करने वाले बिरसा मुंडा जनजातीय समाज के महानायक थे। इसी तरह वीर बूदु भगत और मदारा महतो ने वर्ष 1831-32 में अंग्रेजों के विरुद्ध अद्वितीय संघर्ष किया। जनजातीय गौरव सप्ताह में ऐसे सभी वीर नायकों को याद किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि जनजातीय गौरव सप्ताह का शुभारंभ जबलपुर से वीरांगना रानी दुर्गावती के स्मरण के साथ किया गया। धार में लगभग 1400 करोड़ रुपये की माइक्रो उद्वहन सिंचाई परियोजना की सौगात दी गई है। जनजातीय क्षेत्रों में सिंचाई का रकबा बढ़ाने के लिए लगभग 4000 करोड़ रुपये के विकास कार्यों को भी आगे बढ़ाया जा रहा है।

    Share:

  • ब्यौहारी में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का भव्य रोड शो, जगह-जगह पुष्पवर्षा से हुआ आत्मीय स्वागत

    Tue Nov 17 , 2026
    जनजातीय कला दलों, लाड़ली बहनों, विद्यार्थियों, व्यापारियों एवं विभिन्न संगठनों ने किया अभिनंदन, रोड शो में उमड़ा जनसैलाब शहडोल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के ब्यौहारी प्रवास के दौरान नगर में भव्य रोड शो का आयोजन किया गया। जनपद पंचायत ब्यौहारी कार्यालय से स्टेडियम तक निकले इस रोड शो में मुख्यमंत्री के स्वागत के लिए नगरवासियों […]
    सम्बंधित ख़बरें
    लेटेस्ट
    खरी-खरी
    का राशिफल
    जीवनशैली
    मनोरंजन
    अभी-अभी
  • Archives

  • ©2026 Agnibaan , All Rights Reserved