
शहडोल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि महान जननायक एवं क्रांतिकारी भगवान बिरसा मुंडा ने मात्र 25 वर्ष की आयु में अपने संघर्ष और साहस से ब्रिटिश साम्राज्य को चुनौती दी। उन्होंने जल, जंगल और जमीन के साथ देश और समाज की अस्मिता की रक्षा के लिए अपना जीवन बलिदान कर दिया। भगवान बिरसा मुंडा सहित अनेक जनजातीय महापुरुषों ने स्वतंत्रता संग्राम में महत्वपूर्ण योगदान दिया, लेकिन आजादी के बाद की सरकारों ने उनके बलिदान और योगदान को उचित सम्मान नहीं दिया। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में बिरसा मुंडा की जयंती को राष्ट्रीय जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने की परंपरा शुरू हुई और 15 नवंबर देश के लिए गौरव का दिन बन गया है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव रविवार को जनजातीय गौरव सप्ताह के अंतर्गत ब्यौहारी में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।
कटनी से सिंगरौली तक बनेगी फोरलेन सड़क
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने क्षेत्र के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने कटनी से सिंगरौली तक फोरलेन सड़क निर्माण, ब्यौहारी विधानसभा क्षेत्र में 10 करोड़ रुपये की लागत से 18 किलोमीटर लंबी मुख्य सड़क तथा हनुमान मंदिर तक सुगम आवागमन के लिए 13 करोड़ रुपये की लागत से सड़क निर्माण की स्वीकृति देने की घोषणा की। इसके अलावा मऊ से चरखारी तक नई सड़क बनाई जाएगी। मुख्यमंत्री ने शहडोल में डिजिटल लाइब्रेरी और आधुनिक सुविधाओं से युक्त ऑडिटोरियम बनाने, संजय टाइगर रिजर्व के लिए नया प्रवेश द्वार विकसित करने तथा हाथियों के सर्वेक्षण के लिए विशेष टीम भेजने की भी घोषणा की। उन्होंने कहा कि शहडोल में नया इंडस्ट्रियल पार्क स्थापित किया जाएगा, जिसका शीघ्र भूमिपूजन होगा। इससे स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार अब तक 85 हजार पदों पर भर्ती कर चुकी है।
जनजातीय नायकों के संघर्ष और बलिदान को किया याद
मुख्यमंत्री ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने धर्मांतरण के विरुद्ध संघर्ष किया और जनजातीय समाज की अस्मिता एवं संस्कृति की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। ‘अपना देश, अपना राज’ का उद्घोष करने वाले बिरसा मुंडा जनजातीय समाज के महानायक थे। इसी तरह वीर बूदु भगत और मदारा महतो ने वर्ष 1831-32 में अंग्रेजों के विरुद्ध अद्वितीय संघर्ष किया। जनजातीय गौरव सप्ताह में ऐसे सभी वीर नायकों को याद किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि जनजातीय गौरव सप्ताह का शुभारंभ जबलपुर से वीरांगना रानी दुर्गावती के स्मरण के साथ किया गया। धार में लगभग 1400 करोड़ रुपये की माइक्रो उद्वहन सिंचाई परियोजना की सौगात दी गई है। जनजातीय क्षेत्रों में सिंचाई का रकबा बढ़ाने के लिए लगभग 4000 करोड़ रुपये के विकास कार्यों को भी आगे बढ़ाया जा रहा है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved