
जबलपुर। दयानंद सरस्वती वार्ड के पार्षद लवलीन आनंद के बेटे राजवीर आनंद पर शुक्रवार रात एक युवक के साथ बेरहमी से मारपीट करने का गंभीर आरोप लगा है। कांचघर निवासी पीडि़त कौशल राजपूत का कहना है कि राजवीर आनंद ने अपने 4 साथियों के साथ मिलकर उसे जबरन कार में बिठाया और पिस्तौल की बट से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इस घटना के दौरान मौके पर एक युवती भी मौजूद थी, जिसे पार्षद पुत्र की महिला मित्र बताया जा रहा है। पीडि़त का आरोप है कि पुरानी रंजिश को लेकर हुई इस वारदात के बाद पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज करने के बजाय उसे थाने में बिठाए रखा और फिर घर भेज दिया। देर रात हालत बिगडऩे पर घायल युवक ने स्वयं एक निजी अस्पताल में जाकर अपना उपचार शुरू कराया है।
समझौते का दबाव बनाकर कार में की गई मारपीट
अस्पताल के बिस्तर पर इलाज करा रहे कौशल राजपूत ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि वह अपने घर के पास था, तभी आरोपी वहां आ धमके। आरोपियों ने पुराने मामले में राजीनामा करने के लिए उस पर दबाव बनाना शुरू कर दिया। जब कौशल ने उनकी बात मानने से इनकार किया, तो विवाद बढ़ गया और हमलावरों ने उसे खींचकर अपनी गाड़ी के भीतर डाल लिया। चलती कार और सुनसान जगह पर उसके साथ लात-घूंसों और हथियार के पिछले हिस्से से मारपीट की गई, जिससे उसके सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं। पीडि़त ने यह भी खुलासा किया कि इसी पुरानी दुश्मनी के चलते उस पर पूर्व में भी कई बार जानलेवा हमले हो चुके हैं, लेकिन हर बार दबाव बनाकर मामले को दबा दिया जाता है।
पुलिस की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल, जांच जारी
मामले में पुलिस की भूमिका को लेकर भी चचाएं हैं। पीडि़त पक्ष का कहना है कि रात में जब वह शिकायत लेकर थाने पहुंचा, तो उसकी रिपोर्ट लिखने में आनाकानी की गई और काफी देर तक थाने में बैठाने के बाद बिना कार्रवाई किए घर जाने को कह दिया गया। इसके बाद दर्द बढऩे पर वह अकेले ही अस्पताल पहुंचा और भर्ती हुआ। दूसरी ओर, सिविल लाइन थाना प्रभारी शशि धुर्वे का कहना है कि दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से आपसी रंजिश चली आ रही है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, शिकायतकर्ता युवक महज 1 दिन पहले ही जेल से जमानत पर छूटकर बाहर आया है। पुलिस अब अस्पताल से मिली तहरीर और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर पूरे घटनाक्रम की बारीकी से जांच कर रही है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved