
नई दिल्ली. मैक्सिको (Mexico) के सिनालोआ राज्य (Sinaloa State) में FBI की 10 मोस्ट वांटेड भगोड़ों की सूची में शामिल ड्रग लॉर्ड फॉस्टो इसिड्रो मेजा फ्लोरेस (Drug lord Fausto Isidro Meza Flores) उर्फ ‘एल चापो इसिड्रो’ की गिरफ्तारी के बाद हिंसा भड़क गई. सड़कों पर गोलीबारी हुई, सैन्य हेलिकॉप्टरों से संदिग्ध कार्टेल सदस्यों पर फायरिंग की गई, ट्रकों में आग लगा दी गई और हाईवे पर रास्ते रोक दिए गए. हिंसा के चलते कई इलाकों में अफरा-तफरी मच गई और लोगों को सुरक्षित जगहों पर छिपना पड़ा.
44 वर्षीय मेजा फ्लोरेस को शुक्रवार को उसके संगठन के दो सीनियर सदस्यों के साथ गिरफ्तार किया गया. यह कार्रवाई मैक्सिकन सेना, नेशनल गार्ड स्पेशल फोर्स और अमेरिकी खुफिया एजेंसियों के संयुक्त अभियान में की गई. हालांकि, गिरफ्तारी के बाद संदिग्ध कार्टेल सदस्यों ने पुलिस और सुरक्षा बलों पर हमला कर दिया, जिसके बाद गोलीबारी शुरू हो गई. इसका असर आबादी वाले इलाकों और प्रमुख हाईवे पर भी पड़ा.
सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में मैक्सिको के दो सैन्य हेलिकॉप्टर जमीन की ओर लगातार फायरिंग करते दिखाई दिए. स्थानीय मीडिया के मुताबिक, सुरक्षा बलों और ड्रग तस्करों के बीच हुई मुठभेड़ के दौरान हेलिकॉप्टरों ने हवाई मदद दी. सिनालोआ के हाईवे पर ट्रकों और अन्य वाहनों में आग लगा दी गई. संदिग्ध कार्टेल सदस्यों ने कई जगह रास्ते बंद कर दिए, जिससे ट्रैफिक रुक गया और कई वाहन चालक फंस गए. सिनालोआ की अंतरिम गवर्नर ग्रेसिएला डोमिंगुएज नावा ने बताया कि राज्य के अलग-अलग हाईवे पर लोग फंसे हुए थे.
अमेरिकी खुफिया जानकारी के आधार पर हुई गिरफ्तारी
मैक्सिको के रक्षा मंत्रालय के मुताबिक, अमेरिकी एजेंसियों से मिली खुफिया जानकारी के आधार पर मेजा फ्लोरेस का पता लगाया गया. इसके बाद सुरक्षा बलों ने अचानक कार्रवाई करते हुए इलाके को घेर लिया, ताकि वह भाग न सके और उसके साथियों को मदद के लिए पहुंचने से रोका जा सके. रक्षा मंत्रालय ने बताया कि कार्रवाई के दौरान सुरक्षा बलों पर गोलीबारी और विस्फोटकों से हमला किया गया. इसके बाद मेजा फ्लोरेस और उसके साथियों को गिरफ्तार कर लिया गया.
गिरफ्तार किए गए तीन लोगों में मेजा फ्लोरेस, उसका सेकेंड-इन-कमांड जर्मन एन उर्फ ‘सेराफिन’ और संगठन का कथित वित्तीय संचालक जोस एन शामिल हैं. रक्षा मंत्रालय की ओर से जारी फुटेज में हथकड़ी लगाए गए आरोपियों को सुरक्षाकर्मियों की निगरानी में ले जाते हुए दिखाया गया.
बेसबॉल मैच के दौरान मची अफरा-तफरी
गुआसावे के कुरोदा पार्क में एक पेशेवर बेसबॉल मैच के दौरान भी गोलीबारी की आवाज सुनाई दी. उस समय एल्गोडोनेरोस डी गुआसावे और वेनाडोस डी माजातलान के बीच मैक्सिकन पैसिफिक लीग का मैच चल रहा था. हालात बिगड़ने के बाद लीग ने दर्शकों की सुरक्षा को देखते हुए मैच रद्द कर दिया. लीग ने साफ किया कि गोलीबारी स्टेडियम के अंदर नहीं हुई थी. वहीं, सिनालोआ पब्लिक सिक्योरिटी सेक्रेटेरिएट ने लोगों से घरों में रहने और प्रभावित इलाकों में जाने से बचने की अपील की.
कौन है एल चापो इसिड्रो?
मेजा फ्लोरेस पर मेजा-फ्लोरेस ट्रांसनेशनल क्रिमिनल ऑर्गनाइजेशन चलाने का आरोप है, जिसे गुआसावे कार्टेल के नाम से भी जाना जाता है. यह संगठन सिनालोआ में सक्रिय है. वह पहले बेल्ट्रान लेवा ऑर्गनाइजेशन से जुड़ा था, लेकिन कुछ विवाद के बाद उसने करीब 2013 में अपना अलग आपराधिक नेटवर्क बना लिया. अमेरिकी अधिकारियों के मुताबिक, मेजा फ्लोरेस पर 2005 से 2019 के बीच बड़ी मात्रा में कोकीन, हेरोइन, मेथामफेटामाइन और मारिजुआना बनाने और वितरित करने की साजिश में शामिल होने का आरोप है. FBI ने उसके संगठन पर अमेरिका में फेंटानिल और अन्य खतरनाक ड्रग्स पहुंचाने का भी आरोप लगाया था.
उसे 2012 में अमेरिका में ड्रग तस्करी से जुड़े मामलों में पहली बार आरोपी बनाया गया था. इसके बाद 2019 में उस पर और आरोप लगाए गए. FBI ने 2025 में उसे अपनी 10 मोस्ट वांटेड भगोड़ों की सूची में शामिल किया था और उसकी गिरफ्तारी की जानकारी देने वाले को 50 लाख अमेरिकी डॉलर के इनाम की घोषणा की थी.
FBI ने उसके संगठन को भारी हथियारों से लैस और हिंसक बताया था. एजेंसी के मुताबिक, संगठन अपने इलाके पर नियंत्रण बनाए रखने के लिए गोलीबारी, अपहरण, हत्या और जबरन वसूली का इस्तेमाल करता रहा है.
कार्टेल पर कार्रवाई को लेकर दबाव में मैक्सिको
मेजा फ्लोरेस की गिरफ्तारी ऐसे समय हुई है, जब मैक्सिको पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ओर से ड्रग तस्करी नेटवर्क के खिलाफ कार्रवाई तेज करने का दबाव है. ट्रंप अवैध ड्रग्स की अमेरिका में होने वाली तस्करी को अपनी सुरक्षा नीति का अहम मुद्दा बताते रहे हैं और मैक्सिकन कार्टेल के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की चेतावनी भी दे चुके हैं. मैक्सिको की राष्ट्रपति क्लाउडिया शेनबाम ने संगठित अपराध के खिलाफ सख्त रुख दिखाने की कोशिश की है, लेकिन मैक्सिको की जमीन पर एकतरफा अमेरिकी सैन्य कार्रवाई का विरोध किया है.
पहले भी हिंसा
इससे पहले फरवरी 2026 में एक सैन्य ऑपरेशन के दौरान मुठभेड़ में गंभीर रूप से घायल हुए ‘एल मेनचो’ की अस्पताल में मौत के बाद भी काफी हिंसा हुई थी. कई राज्यों में आगजनी, लूटपाट और हिंसा की घटनाएं देखने को मिली थीं. एल मेनचो पर अमेरिका में 1.5 करोड़ डॉलर (लगभग 136 करोड़ रुपये) का इनाम था.
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved