img-fluid

हिमाचल के वृद्धाश्रम में मिली मोहब्बत… 75 के कन्हैया बने 63 की सबीना के दूल्हे

November 25, 2026

डेस्क। कहते हैं कि प्यार करने और नई जिंदगी शुरू करने की कोई उम्र नहीं होती। इस बात को हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर में 75 वर्षीय कन्हैया लाल और 63 वर्षीय सबीना ने सच कर दिखाया है। अपनों से ठुकराए गए इन 2 बुजुर्गों को वृद्धाश्रम में एक-दूसरे का साथ मिला और अब दोनों शादी के बंधन में बंधकर जीवन की नई शुरुआत कर चुके हैं। घाघस स्थित ‘अपना घर’ वृद्धाश्रम में शहनाइयों की गूंज के बीच दोनों ने हिंदू रीति-रिवाजों से सात फेरे लिए।

इस अनूठी शादी में कन्हैया लाल क्रीम रंग की शेरवानी और हाथ में तलवार लेकर दूल्हा बने, जबकि सबीना लाल जोड़े में दुल्हन के रूप में नजर आईं। शादी से एक दिन पहले मंगलवार शाम को हल्दी की रस्म हुई। दोनों ने पीले कपड़े पहने और पहाड़ी गानों पर जमकर डांस किया। आश्रम में रहने वाले अन्य बुजुर्गों ने भी इस खुशी में हिस्सा लिया और नवदंपती को आशीर्वाद दिया।

कन्हैया लाल की कहानी बेहद भावुक कर देने वाली है। वह मंडी जिले के जंजैहली क्षेत्र के थुनाग गांव के रहने वाले हैं। उनकी पत्नी का निधन हो चुका था और उनकी कोई संतान भी नहीं थी। पत्नी की मौत के बाद उन्होंने अपनी संपत्ति भाइयों के नाम कर दी थी, लेकिन बाद में उन्हें घर से निकाल दिया गया। इसके बाद वह गुफा में रहने लगे। वर्ष 2022 में अपना घर वृद्धाश्रम की टीम ने उन्हें रेस्क्यू कर आश्रम पहुंचाया।


  • वहीं, कोलकाता की रहने वाली 63 वर्षीय सबीना भी जिंदगी के मुश्किल दौर से गुजर रही थीं। मानसिक रूप से अस्वस्थ होने के कारण वह भटकते हुए हिमाचल पहुंच गई थीं। उन्हें पहले शिमला के मशोबरा स्थित आश्रम में रखा गया और बाद में बिलासपुर के अपना घर वृद्धाश्रम लाया गया। यहीं दोनों की मुलाकात हुई और धीरे-धीरे एक-दूसरे के प्रति लगाव बढ़ता गया। आखिरकार दोनों ने एक-दूसरे को जीवनसाथी बनाने का फैसला किया।

    इस शादी में बिलासपुर की उपायुक्त किरण भड़ाना भी बाराती के रूप में शामिल हुईं। उन्होंने नवदंपती को बधाई और शगुन देते हुए कहा कि इस पहल से समाज को अच्छा संदेश मिला है। हर व्यक्ति को खुशी से जीने का अधिकार है। उम्र बढ़ने का मतलब यह नहीं कि जिंदगी जीने की इच्छा खत्म हो जाए।

    वृद्धाश्रम के संस्थापक और संचालक एडवोकेट प्रकाश चंद बंसल ने बताया कि दोनों ने एक-दूसरे को सहारे के रूप में चुना है। समाज को भी ऐसे लोगों की मदद के लिए आगे आना चाहिए, जिन्हें अपनों ने छोड़ दिया है।

    शादी के बाद कन्हैया लाल और सबीना हिमाचल के सोलन जिले के नालागढ़ स्थित नए वृद्धाश्रम में साथ रहकर अपनी नई जिंदगी शुरू करेंगे। उम्र के इस पड़ाव पर हुआ यह विवाह सिर्फ दो लोगों का मिलन नहीं, बल्कि इस बात की मिसाल है कि जिंदगी में खुशियां और प्यार पाने का कोई आखिरी पड़ाव नहीं होता।

    Share:

  • सम्बंधित ख़बरें
    लेटेस्ट
    खरी-खरी
    का राशिफल
    जीवनशैली
    मनोरंजन
    अभी-अभी
  • Archives

  • ©2026 Agnibaan , All Rights Reserved