
इंदौर। इंदौर (Indore) के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल महाराजा यशवंतराव अस्पताल (Maharaja Yashwantrao Hospital) यानी एमवाय हॉस्पिटल में इलाज की जगह हंगामा और मारपीट का नजारा देखने को मिला। संयोगितागंज थाना क्षेत्र स्थित अस्पताल परिसर में कुछ लोगों के बीच कहासुनी इतनी बढ़ी कि मामला सीधे हाथापाई तक जा पहुंचा।
हैरानी की बात यह है कि जहां मरीज इलाज के लिए आते हैं, वहीं खुलेआम धक्का-मुक्की और मारपीट होती रही और किसी ने इसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि बहस के बाद कुछ लोग एक-दूसरे पर टूट पड़ते हैं। मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव की कोशिश जरूर की, लेकिन तब तक मामला बेकाबू हो चुका था।
वीडियो वायरल होते ही संयोगितागंज थाना पुलिस हरकत में आई। हालांकि अब तक किसी भी पक्ष की ओर से लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है, लेकिन पुलिस ने वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए जांच शुरू कर दी है। पुलिस अस्पताल प्रबंधन से संपर्क कर रही है। घटना के समय मौजूद स्टाफ और सुरक्षा कर्मियों से पूछताछ की जा रही है। साथ ही अस्पताल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि यह साफ हो सके कि आखिर विवाद की असली वजह क्या थी और मारपीट में कौन-कौन शामिल था।
अधिकारियों का कहना है कि अगर जांच में मारपीट की पुष्टि होती है, तो वायरल वीडियो और अन्य साक्ष्यों के आधार पर सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। एडिशनल डीसीपी राजेश दंडोतिया ने कहा कि “वायरल वीडियो का संज्ञान लिया गया है। फिलहाल किसी भी पक्ष से लिखित शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। संबंधित लोगों की पहचान की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज भी देखी जा रही है। जांच के बाद आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।”
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved