
इंदौर। बड़ा गणपति चौराहे पर स्थित शारदा कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के परिसर में कल जब पटाखे की दुकान लगाने के लिए लोग पहुंचे तो वहां हंगामा हो गया। इस परिसर में संचालित लड़कियों के हॉस्टल के पास में दूसरे वर्ग के लोगों द्वारा प्रशासन के लाइसेंस के आधार पर दुकान लगाने की कोशिश की जा रही थी। इस पर क्षेत्र के भाजपा नेता मनोज मिश्रा ने आपत्ति ली और स्कूल के दरवाजे पर ताला लगवा दिया।
दीपावली के त्योहार को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन द्वारा शहर में अलग-अलग स्थानों पर अस्थायी लाइसेंस देकर पटाखा दुकान खोलने की अनुमति दी जाती है। जिला प्रशासन द्वारा दिए गए अस्थायी लाइसेंस के आधार पर कुछ लोग बड़ा गणपति चौराहा स्थित शारदा कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के परिसर में पटाखे की दुकान खोलने के लिए पहुंचे। वहां पर लकड़ी और लोहे के पतरे से अस्थायी दुकान का निर्माण किया जाना था। जब लोग इस स्थान पर अपनी दुकान बनाने के लिए पहुंचे तो क्षेत्र के भाजपा नेता और पार्षद पति मनोज मिश्रा को भी इसकी जानकारी मिल गई।
उन्होंने तत्काल मौके पर जाकर स्थिति को देखा। जब वे वहां पहुंचे तो उन्होंने पाया कि दूसरे वर्ग के लोगों द्वारा इस स्कूल परिसर में संचालित गल्र्स हॉस्टल के पास दुकान बनाने का काम शुरू किया जा रहा है। इस पर मिश्रा ने आपत्ति ली। छात्राओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उनके द्वारा पिछले साल भी जिला प्रशासन से यह आग्रह किया गया था कि इस स्थान पर पटाखा मार्केट बनाने की अनुमति नहीं दी जाए। इसके बाद भी प्रशासन द्वारा इस साल फिर इसी स्थान पर पटाखा मार्केट बनाने के लिए लाइसेंस जारी कर दिए गए। मिश्रा ने बताया कि लड़कियों के हॉस्टल के पास में इस तरह का पटाखा मार्केट बनाने से हॉस्टल की सुरक्षा पर भी सवालिया निशान लग जाता है। इसके साथ ही दूसरे वर्ग के लोगों द्वारा इस तरह की दुकान खोलने और उसका संचालन करने से लड़कियों के साथ छेड़छाड़ की घटनाएं और लव जिहाद जैसे मामले होने की आशंका भी बढ़ जाती है। इस स्थिति को ध्यान में रखते हुए मिश्रा द्वारा दूसरे वर्ग के लोगों को इस स्थान पर दुकान बनाने और खोलने से रोक दिया गया। उन्होंने तत्काल स्कूल के गेट पर ताला लगवा दिया। इस दौरान स्कूल परिसर में काफी देर तक हंगामा होता रहा।
©2025 Agnibaan , All Rights Reserved