
इंदौर। परदेशीपुरा थाना क्षेत्र के अंतर्गत शिवाजी नगर में कल देर रात एक कपड़े की फैक्ट्री एवं गोदाम में आग लगने से लाखों का कपड़ा और मशीन जल गई। आग लगने की घटना के कारण घनी बस्ती में हडक़ंप मच गया था। मिली जानकारी के अनुसार कल रात 11.45 बजे करीब शिवाजी नगर में स्थित भावना जैन की भावना टेक्सटाइल कपड़ा फैक्ट्री में आग लग गई और देखते ही देखते आग ने भीषण रूप धारण कर लिया। फैक्ट्री मालिक का कहना है कि उन्हें खुद पता नहीं कि आग कैसे लगी।

दमकल सूत्रों के अनुसार फैक्ट्री के पास ही एक बड़ा गोदाम बना हुआ है, जिसमें धागा, दो मशीनें, एव तैयार कपड़ा रखा था, वह भी आग की भेंट चढ़ गया। मौके पर पहुंचे फायरकर्मियों ने करीब 1 घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया था। बताया जा रहा है कि करीब 20000 लीटर पानी का उपयोग आग बुझाने के दौरान किया गया। घनी बस्ती होने के कारण फायर वाहनों की आवाज सुनकर लोग घरों से बाहर निकल आए थे। जिस फैक्ट्री में आग लगी, उसके पास ही कपड़े की दो और फैक्ट्री भी हैं। यदि आग फैलती तो बड़ी घटना संभव थी। फिलहाल आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved