
उज्जैन। कल शाम मक्सीरोड पर पीएचई कर्मचारी सामान खरीदने के लिए सायकल से जा रहा था। इस दौरान तेज गति से आए ट्रक ने उसे टक्कर मार दी। दुर्घटना में सायकल सवार घायल हो गया। हादसा होते ही लोगों की भीड़ लग गई तथा आक्रोशित भीड़ ने ट्रक चालक को घेरकर बुरी तरह से पीट दिया।
पंवासा थानाप्रभारी रविन्द्र कटारे ने बताया कि मयूर नगर में रहने वाला छेदीलाल कश्यप उम्र 57 साल पीएचई कर्मचारी है। वह कल शाम साढ़े 6 बजे के करीब सामान खरीदने के लिए सायकल से पंवासा की ओर जा रहा था। इस दौरान तेज गति से आए ट्रक ने उसे टक्कर मार दी। दुर्घटना में छेदीलाल गंभीर घायल हो गया। इस दौरान लोगों की भीड़ वहाँ जमा हो गई और ट्रक चालक आत्माराम निवासी देवास ने मौके से भागने का प्रयास किया तो मौजूद लोगों ने उसे घेर लिया और बुरी तरह से पीटकर अधमरा कर दिया। आक्रोशित लोगों ने ट्रक के कांच भी फोड़ डाले। घटना की जानकारी लगते ही पंवासा थाना प्रभारी पुलिस टीम के साथ मौके पर आए और लोगों की भीड़ से ड्रायवर को बचाया और जख्मी हालत में उसे अस्पताल में भर्ती कराया।

©2026 Agnibaan , All Rights Reserved