
डेस्क। पश्चिमी तुर्किये (Türkiye) में जोरदार भूकंप (Earthquake) आया है। भूकंप के चलते कम से कम तीन इमारतें ढह गईं, जो पहले आए भूकंप में क्षतिग्रस्त हो गई थीं। अभी किसी के हताहत होने की तत्काल कोई सूचना नहीं है। आपदा एवं आपातकालीन प्रबंधन एजेंसी के अनुसार, पश्चिमी तुर्किये में सोमवार रात को 6.1 तीव्रता का भूकंप आया। ये भूकंप बालिकेसिर प्रांत के सिंदिरगी शहर में केंद्रित था।
स्थानीय समयानुसार रात 10.48 बजे 5.99 किलोमीटर की गहराई पर भूकंप आया है। भूकंप के बाद भी कई झटके आए, जो इस्तांबुल और आसपास के बर्सा, मनीसा और इज़मिर प्रांतों में महसूस किए गए।
सिंदिरगी के जिला प्रशासक डोगुकन कोयुनकू ने कहा, ‘अभी तक हमें किसी जान-माल के नुकसान की जानकारी नहीं मिली है, लेकिन हम अपना आकलन जारी रखे हुए हैं।’ हैबरतुर्क टेलीविजन की रिपोर्ट के अनुसार, भूकंप के डर से कई लोग अपने घरों में लौटने से डरकर बाहर ही रहे।

©2026 Agnibaan , All Rights Reserved