अशोकनगर। मध्य प्रदेश के अशोकनगर (Ashoknagar) जिले में शादी का झांसा (Marriage fraud) देकर ठगी करने का मामला सामने आया है। देहात थाना पुलिस (Dehat police station) ने मुख्य आरोपी महिला को गिरफ्तार (Accused woman arrested) कर लिया है, जबकि उसके दो साथी अभी फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस के अनुसार पूरी साजिश महिला ने अपने ममेरे भाई के साथ मिलकर रची थी।
पुलिस के मुताबिक 61 वर्षीय बाबूलाल विश्वकर्मा ने शिकायत दर्ज कराई थी कि आरोपियों ने उनके बेटे की शादी कराने का भरोसा दिलाकर उनसे एक लाख रुपये ले लिए। इसमें 55 हजार रुपये फोन-पे के माध्यम से और 45 हजार रुपये नकद दिए गए थे। आरोपियों ने कोर्ट मैरिज के नाम पर लड़की को गुना से उनके साथ भेजा।
रास्ते में ग्राम कजराई के पास महिला ने बाथरूम जाने का बहाना बनाकर वाहन रुकवाया। इसके बाद उसने ग्रामीणों के सामने शोर मचाना शुरू कर दिया कि उसे जबरन ले जाया जा रहा है। अचानक बने माहौल से घबराकर फरियादी पक्ष वहां से निकल गया और आरोपी महिला पैसे लेकर फरार हो गई।
देहात थाना पुलिस ने महिला और शिकायतकर्ता पक्ष से पूछताछ की, जिसके बाद पूरी ठगी का खुलासा हुआ। पुलिस अधीक्षक राजीव कुमार मिश्रा के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गजेंद्र सिंह कंवर और एसडीओपी विवेक शर्मा के मार्गदर्शन में टीम गठित की गई।
पुलिस ने मुख्य आरोपी काजल गोस्वामी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया है। थाना प्रभारी भुवनेश शर्मा और उनकी टीम की इस कार्रवाई में अहम भूमिका रही।
पुलिस ने बताया कि फरार दो आरोपियों की तलाश जारी है और उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। साथ ही जिले में ठगी करने वाले गिरोहों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहने की बात कही गई है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved