
नोएडा: उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. यहां सूरजपुर कोतवाली क्षेत्र के सेक्टर एक स्थित श्मशान घाट में हनुमान जी की मूर्ति के सामने एक टैक्सी चालक का शव खून से लथपथ हालत में मिला. घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस पहुंची. पुलिस आशंका जता रही है कि युवक ने कथित तौर पर चाकू से अपने गले की नस काटकर आत्महत्या कर ली है.
पुलिस ने घटनास्थल को घेरकर जांच शुरू की और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. मौके से एक घरेलू सब्जी काटने वाला चाकू बरामद किया गया है, जिसे पुलिस आत्महत्या में इस्तेमाल किए जाने की आशंका जता रही है.
मृतक की पहचान साकीपुर गांव निवासी 30 वर्षीय राहुल के रूप में हुई है. राहुल पेशे से टैक्सी चालक था और किराये पर वाहन चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था. घटना की खबर मिलते ही उसके पिता और अन्य परिजन भी श्मशान घाट पहुंच गए. बेटे की मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
थाना प्रभारी सूरजपुर विनोद कुमार ने बताया कि शुरुआती पूछताछ में परिजनों ने बताया कि राहुल को गांजा पीने की लत थी. इसी नशे की आदत के चलते लगभग छह वर्ष पहले उसकी पत्नी उसे छोड़कर चली गई थी. पत्नी के जाने के बाद से वह मानसिक रूप से काफी परेशान रहने लगा था. परिजनों के अनुसार वह अक्सर नशे की हालत में जीवन से निराशा जाहिर करता था और कई बार आत्महत्या जैसी बातें भी करता था.
बताया जा रहा है कि राहुल रविवार शाम घर से निकला था, लेकिन उसके बाद वापस नहीं लौटा. दो दिन तक घर नहीं पहुंचने पर परिजनों को चिंता होने लगी थी, हालांकि उन्हें उम्मीद थी कि वह लौट आएगा. इसी बीच मंगलवार को उसका शव श्मशान घाट में मिलने की सूचना मिली.
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved