
रायबरेली: उत्तर प्रदेश के रायबरेली से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है. यहां मिट्टी के बर्तन बनाने वाले एक शख्स को जीएसटी विभाग की तरफ से एक करोड़ से अधिक का नोटिस मिला है. नोटिस मिलने के बाद शख्स के परिवार के लोग हैरान हैं. शख्स ने बताया कि उसे साजिश के तौर फंसाया गया है, उसकी कोई फर्म नहीं है. वो सिर्फ मिट्टी के बर्तन बनाने का काम करता है, जो की उसका पुस्तैनी काम है. इसी काम से वो अपने परिवार का पेट भरता है.
जानकारी के मुताबिक, रायबरेली जिले के रघुवीरगंज बाजार निवासी मुस्लिम कुम्हार मो. शहीद पुत्र स्व. मदार बक्श मिट्टी के बर्तन बनाकर परिवार का जीविकोपार्जन करते हैं और वो पढ़े लिखे भी नहीं है. जीएसटी विभाग से 1 करोड़ 25 हजार 297 रुपए का नोटिस मिलने के बाद से परेशान हैं. वहीं नोटिस मिलने के बाद अब परिवार में हड़कंप मचा है.
पीड़ित मोहम्मद शहीद मूलरूप से कस्बा के रघुवीरगंज बाजार में रहते हैं और मिट्टी के बर्तन, कुल्हड़, खिलौने आदि बनाने का पुश्तैनी काम करते हैं. अभी हाल में केंद्रीय माल एवं सेवा कर एवं केंद्रीय उत्पाद शुल्क वैशाली प्रभा मंडल हाजीपुर द्वारा डाक से मो. शहीद के नाम 1 करोड़ 25 हजार 297 रुपये का नोटिस भेजा गया हैं. जिसे उनके होश उड़ गए, नोटिस को देखकर वो हैरान रह गए. वहीं जैसे ही उनके परिवार के लोगों को जानकारी हुई तो हड़कंप मच गया.
मो. शहीद का कहना उन्हें साजिशन धोखाधड़ी का शिकार बनाया गया है. उनका पैन कार्ड नंबर वहां तक कैसे पहुंचा इसकी जानकारी नहीं है. पुश्तैनी काम धंधे के अलावा अन्य कोई व्यावसायिक कार्य नहीं किया जाता है. पार्टनरशिप में कोई फर्म नहीं बनाई गई हैं. उन्होंने प्रशासन से मदद की गुहार लगाई है और इस तरह के फर्जी नोटिस को वापस लिए जाने का आग्रह किया है. मोहम्मद शहीद ने कहा कि अगर सरकार या प्रशासन की तरफ से मदद नहीं की गई तो वो इस रकम को घर बेचकर भी पूरा नहीं कर पाएंगे.
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved