
इन्दौर। आम आदमी पार्टी (आप) ने इंदौर जिले की तीन विधानसभा सीटों पर अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। पार्टी ने इनमें से दो सीटों पर ओबीसी कार्ड खेला है, वहीं एक सीट पर ब्राह्मण उम्मीदवार को मैदान में उतारा है। ‘अग्निबाण’ पहले ही यह खबर प्रकाशित कर चुका है कि आम आदमी पार्टी जातिगत समीकरणों को ध्यान में रखकर विधानसभा चुनाव में अपने उम्मीदवार उतारेगी।
भारतीय जनता पार्टी द्वारा राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय को उम्मीदवार बनाए जाने के बाद पूरे देश में चर्चा में आए इंदौर विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 1 में आम आदमी पार्टी ने अपनी युवा इकाई के जिलाध्यक्ष अनुराग यादव को उम्मीदवार बनाया है। अनुराग उस यादव समाज से हैं, जिसका इस विधानसभा क्षेत्र में अच्छा खासा वोट बैंक है, वहीं विजयवर्गीय वैश्य समाज से हैं और कांग्रेस के संभावित प्रत्याशी वर्तमान विधायक संजय शुक्ला ब्राह्मण वर्ग से आते हैं। ऐसे में अब इस विधानसभा क्षेत्र में जातीय समीकरण के आधार पर रोचक मुकाबला होने वाला है। इस विधानसभा क्षेत्र में ब्राह्मण, वैश्य और यादव तीनों ही समाजों के वोटर्स की अच्छी संख्या है और समय-समय पर इन समाजों से भाजपा और कांग्रेस के नेता विधायक बनते आए हैं। उधर, महू विधानसभा सीट पर भी सुनील चौधरी को उतारकर आम आदमी पार्टी ने यहां भी ओबीसी कार्ड खेला है। इस सीट पर अब तक भाजपा और कांग्रेस ने अपने उम्मीदवारों की घोषणा नहीं की है। यहां से वर्तमान विधायक भाजपा की उषा ठाकुर हैं, जो संस्कृति और पर्यटन मंत्री हैं।
जानिए इनके भी बारे में
टिकट ले आए डॉक्टर साब
टिकट के ऐलान से पहले ही मैदान संभालने और प्रचार-प्रसार में जुट जाने वाले डॉ. पीयूष जोशी आखिरकार इंदौर विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 4 से आम आदमी पार्टी का टिकट ले आए। यहां पर 1990 से भारतीय जनता पार्टी जीतती आई है और इस सीट को भाजपा की अयोध्या भी कहा जाता है। वर्तमान में यहां पर भाजपा की मालिनी गौड़ विधायक हैं।
अनुराग यादव – 35 साल के अनुराग यादव एयरपोर्ट रोड स्थित मनपसंद कॉलोनी में रहते हैं। बीकॉम तक शिक्षा लेने के बाद पोल्ट्री फॉर्म और कंस्ट्रक्शन मटेरियल सप्लाय का व्यवसाय करते हैं। 2015 से पार्टी से जुड़े हैं। वर्तमान में पार्टी के युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष हैं। वे क्षेत्र के हर वार्ड में एक स्कूल और मोहल्ला क्लिनिक शुरू करना चाहते हैं।
डॉ. पीयूष जोशी- 44 साल के डॉ. जोशी राजमोहल्ला में रहते हैं। इंदौर के ही एमजीएम कॉलेज से एमबीबीएस करने के बाद चिकित्सा के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे हैं। वे अन्ना आंदोलन के समय से पार्टी से जुड़े हैं। वर्तमान में पार्टी के मुख्य प्रदेश प्रवक्ता हैं। वे क्षेत्र में शिक्षा और चिकित्सा सेवाओं को विकसित करने पर काम करना चाहते हैं।
सुनील चौधरी- 33 साल के चौधरी महूगांव गायकवाड़ के रहने वाले हैं। कृषि के साथ ही पशु आहार और जैविक खाद का व्यापार करते हैं। डेढ़ साल से पार्टी से जुड़े हैं। इससे पहले भाजपा युवा मोर्चा में प्रदेश कार्यसमिति सदस्य और जिला मंत्री भी रह चुके हैं। राष्ट्रीय लोधी, लोधा, लोध समाज के युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष भी हैं। वे क्षेत्र में महिलाओं के लिए रोजगार और बेहतर शिक्षा पर काम करना चाहते हैं।
‘आप’ सेंट्रल कमेटी ने लिए इंटरव्यू, फिर तय हुए नाम
आम आदमी पार्टी द्वारा दूसरी सूची जारी किए जाने से पहले प्रमुख स्थानों पर जाकर पार्टी के दावेदारों के इंटरव्यू लिए गए। इंदौर में यह इंटरव्यू अभय प्रशाल क्लब में करीब 10 दिनों पहले हुए थे। इसमें पार्टी के पंजाब के कृषि बोर्ड के चेयरमैन मंगलसिंह सहित सेंट्रल कमेटी के अन्य सदस्यों ने दावेदारों के इंटरव्यू लिए थे। इसके बाद कल ही पार्टी ने अपनी दूसरी सूची जारी की, जिसमें इंदौर जिले की तीन विधानसभाओं के उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की गई है।
©2025 Agnibaan , All Rights Reserved