
नई दिल्ली। टी-20 विश्व कप 2026 (T20 World Cup 2026) में टीम इंडिया (Team India) 3 मैच जीतकर सुपर 8 (Super 8) के लिए क्वालीफाई कर चुकी है, लेकिन आपको जानकर हैरानी होगी कि अभिषेक शर्मा (Abhishek Sharma) का अभी तक इस टूर्नामेंट में खाता नहीं खुला है। अभिषेक शर्मा 3 में से दो मैच टी20 विश्व कप 2026 (T20 World Cup 2026) में खेल चुके हैं, लेकिन अभी तक उनके बल्ले से एक भी रन नहीं आया है। दोनों मैचों में वह शून्य पर आउट हुए हैं। इतना ही नहीं, एक कैलेंडर ईयर में टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे ज्यादा बार शून्य पर आउट होने वाले वे भारत के दूसरे बल्लेबाज बन गए हैं।
अभिषेक शर्मा ने 7 फरवरी को टी20 विश्व कप में डेब्यू किया। यूएसए के खिलाफ मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में जब वे उतरे तो सभी को लग रहा था कि यूएसए के गेंदबाजों को वे पटक-पटक कर मारेंगे, लेकिन उनकी पारी पहली गेंद पर ही समाप्त हो गई थी। इसके बाद दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में नामीबिया के खिलाफ वे खेल नहीं पाए, क्योंकि बीमार पड़ गए थे। इसके बाद पाकिस्तान के खिलाफ उन्होंने मैच में वापसी की।
पाकिस्तान के खिलाफ एशिया कप 2025 में उन्होंने खूब रन बनाए थे। ऐसे में माना जा रहा था कि अभिषेक शर्मा यहां भी रन बनाएंगे। हालांकि, 3 गेंदों में ही वह बिना खाता खेले आउट हो गए। 2026 में यह चौथी बार था, जब अभिषेक शर्मा का खाता टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में नहीं खुला। पिछले 6 मैचों में वह 4 बार बिना खाता खोले आउट हो चुके हैं। टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में एक साल में सबसे ज्यादा बार शून्य पर आउट होने का शर्मनाक रिकॉर्ड भारत के लिए संजू सैमसन का है, जो पिछले साल 2025 में 5 बार बिना खाता खोले आउट हुए थे।
अभिषेक शर्मा इससे पहले न्यूजीलैंड के खिलाफ खेली गई पांच मैचों की टी20 इंटरनेशनल सीरीज के दूसरे और चौथे मुकाबले में भी खाता नहीं खोल पाए थे। कुल मिलाकर अभिषेक शर्मा का टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में पांचवां शून्य है, क्योंकि टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में उनकी शुरुआत ही जीरो के साथ हुई थी। हालांकि, इसके बाद वे लगातार बड़ी-बड़ी पारियां खेलते रहे, लेकिन 2026 में 7 मैचों में से चार मैचों में खाता तक नहीं खोल पाए हैं।
संजू सैमसन ने 2025 में 5 पारियों में खाता नहीं खोला था, जबकि अभिषेक शर्मा चार पारियों में 2026 में खाता नहीं खोल पाए हैं। लिस्ट में तीसरे नंबर पर संयुक्त रूप से यूसुफ पठान, रोहित शर्मा, विराट कोहली और सूर्यकुमार यादव का नाम है। यूसुफ पठान 2009 में, रोहित शर्मा दो बार 2018 और 2022 में, विराट 2024 में और सूर्या 2025 में 3-3 बार एक कैलेंडर ईयर में शून्य पर आउट हो चुके हैं।
एक कैलेंडर साल में T20I में भारत के लिए सबसे ज्यादा डक
5 – संजू सैमसन (2024)
4 – अभिषेक शर्मा (2026)*
3 – यूसुफ पठान (2009)
3 – रोहित शर्मा (2018)
3 – रोहित शर्मा (2022)
3 – विराट कोहली (2024)
3 – सूर्यकुमार यादव (2025)
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved